
फर्जीवाड़ा (photo-patrika)
CG Fraud News: छत्तीसगढ़ के रायपुर में समूह बनाकर महिलाओं को ठग लिया गया। कई महिलाओं के नाम पर लोन ले लिया गया। इसके बाद लोन नहीं चुकाया। बैंक से नोटिस पहुंचने पर पीड़ित महिलाओं को पता चला। इसकी शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, रेलवे क्रॉसिंग भाठापारा जोरा निवासी सरस्वती कुर्रे की पड़ोसन लालिमा मैथ्यू ने कृषक नगर जोरा महिला समूह बनाया। इसमें करीब 60 महिलाओं को जोड़ा गया। इसके जरिए लालिमा समूह की जरूरतमंद महिलाओं को भारत फायनेंस बैंक से लोन दिलाती थी। समय पर लोन चुकाने वालों को बैंक की ओर से 6 माह बाद फिर लोन दिया जाता था। सरस्वती को भी लालिमा ने बैंक से लोन दिलाया था।
उसने लोन की राशि पूरा चुका दिया तो दूसरा लोन भी स्वीकृत हुआ। इस तरह उसने 7 लोन लिया। सभी चुका दिया। इस कारण आठवां लोन भी स्वीकृत हुआ, जिसे सरस्वती ने नहीं लिया। इस लोन 58 हजार 640 रुपए को लालिमा ने ले लिया। इसके बाद एक और लोन 70 हजार 780 रुपए को भी लालिमा ने ले लिया। बाद में उन्होंने लोन की किस्त जमा नहीं की। बैंक ने सरस्वती को नोटिस जारी किया। इसकी शिकायत पर पुलिस ने लालिमा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सरस्वती की तरह महिला समूह की कई महिलाओं से इसी तरह धोखाधड़ी हुई है। लालिमा ने बुंदा यादव के नाम से लोन राशि 93 हजार 294 रुपए, किरण धृतलहरे के 1 लाख 12 हजार 410 रुपए, रजनी सोना के 98 हजार 641 रुपए, जानकी सोना के 32 हजार 920 रुपए आदि निकालकर खुद रख ली।
लालिमा ने जब किस्त जमा नहीं किया, तो बैंक वालों ने पीड़ित महिलाओं के नाम से डिमांड नोटिस भेजा। इसके बाद महिलाओं को पता चला कि उनके नाम से लोन निकाल लिय गया और पैसा जमा नहीं किया जा रहा है। इसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
Updated on:
06 Jul 2025 09:15 am
Published on:
06 Jul 2025 09:15 am
