
CG Politics News: छत्तीसगढ़ के रायपुर प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने साय सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने निगम के सामने सभा की। इसके बाद सीएम हाउस घेरने कूच किए। जहां पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक लिया।
इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव को छोड़ सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शामिल हुए। वहीं, कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने पलटवार किया है। प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा, 10 में से 8 मामलो में आरोपी का कांग्रेस कनेक्शन होता है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, भाजपा सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हुई है और जनता डरी हुई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु जनता के लिए मुख्यमंत्री बनकर नहीं, भक्षक बनकर काम कर रहे हैं। ये सरकार छत्तीसगढ़ को यूपी और बिहार बनाने पर तुली है, लेकिन कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी।
बैज ने कहा, हमारी लड़ाई छत्तीसगढ़ की जनता के हक, बीजेपी और सरकार के खिलाफ है। गर्मी 42 डिग्री हो या 45 हमारी माता बहनों को बचाने से हमें कोई नहीं रोक सकता। आत्मानंद स्कूल की 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा से रेप होता है। एक महीने की गर्भवती हो जाती है, प्रशासन को पता नहीं है। बैज ने कहा, हमने विधानसभा में प्रदर्शन किया, ब्लॉक, ज़लिा हर स्तर पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, लेकिन सरकार नींद से नहीं उठी। हर तीन घंटे में एक बलात्कार हो रहा है।
पूर्व पीसीसी चीफ धनेन्द्र साहू ने कहा, रोज हत्या, बलात्कार, लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। क्या यही विष्णु का सुशासन है। शांति का टापू आज अपराध गढ़ बन चुका है। आज न्याय पथ पर चलकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए ये घेराव किया जा रहा है। उन्होंने कहा, भाजपा राम राज्य, विष्णु के सुशासन की बात कर रहे हैं, लेकिन चारों तरफ अशांति है। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए ये आयोजन किया है।
कांग्रेस के इस प्रदर्शन को भाजपा ने अपराध के खिलाफ अपराधियों का प्रदर्शन करार दिया है। मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने को लेकर कांग्रेस पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा, कांग्रेस का प्रदर्शन आम लोगों के लिए आश्चर्यजनक है क्योंकि 10 में से 8 मामले में अपराधी कांग्रेस से जुड़े होते हैं। कांग्रेस के शासनकाल में नशे को बढ़ावा दिया जाता रहा है। इस दौरान उन्होंने भूपेश सरकार की प्रमुख घटनाएं गिनाई।
उन्होंने कहा, सूरजपुर की घटना में कांग्रेस कार्यकर्ता कुलदीप साहू था। बलौदाबाजार की घटना में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की भूमिका सामने आई। कांग्रेस विधायक उत्तरी जांगड़े ने भी भड़काऊ भाषण से उकसाने का प्रयास किया। बिलासपुर की घटना जहां पीएम आवास के नाम पर युवती से रेप हुआ, इस मामले में भी कांग्रेस के पूर्व पार्षद काशीनाथ रात्रे का नाम सामने आया। बालोद सुसाइड मामले में पूर्व मंत्री अकबर का नाम, नारायणपुर में बीजेपी नेता रतन दुबे की हत्या में भी कांग्रेस का हाथ है।
Updated on:
22 Apr 2025 10:41 am
Published on:
22 Apr 2025 10:40 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
