12 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Chhattisgarh Politics: ‘BJP के नाराज फूफा’ कांग्रेस में आने को तैयार! दीपक बैज बोले- ढालदास तो अभी ट्रेलर है

BJP leaders Congress contact: छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने BJP के कई नेताओं के कांग्रेस के संपर्क में होने का दावा किया। बिलासपुर में CM साय और भाजपा पर भी हमला बोला।
4 min read
Google source verification
Chhattisgarh Politics

कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में बैज का बड़ा दावा (Photo Source- Patrika File Photo)

Chhattisgarh Politics: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर हलचल तेज हो गई है। बिलासपुर में आयोजित कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन निर्माण एवं प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर जमकर निशाना साधा।

इस दौरान उन्होंने भाजपा के कई नेताओं के कांग्रेस के संपर्क में होने का दावा भी किया। दीपक बैज ने मंत्री खुशवंत साहेब के बड़े भाई ढालदास के कांग्रेस में शामिल होने का जिक्र करते हुए कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कई नाराज नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं और आने वाले समय में पार्टी को और बड़े राजनीतिक झटके लग सकते हैं।

Deepak Baij statement: ढालदास तो सिर्फ ट्रेलर हैं- बैज

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता पार्टी के भीतर नाराज हैं। उन्होंने इशारों में कहा कि भाजपा के ‘नाराज फूफा’ कांग्रेस में आने की तैयारी में हैं। बैज ने कहा कि अभी समय का इंतजार करना चाहिए, आगे कई बड़े धमाके देखने को मिलेंगे। उन्होंने ढालदास के कांग्रेस में आने को लेकर कहा कि यह केवल ट्रेलर है। आने वाले समय में भाजपा के भीतर से और भी कई लोग कांग्रेस का रुख कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने किसी अन्य भाजपा नेता का नाम सार्वजनिक तौर पर नहीं बताया।

CM साय को लेकर भी बैज का हमला

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री को आदिवासी नहीं बल्कि वनवासी मानते हैं। बैज ने आरोप लगाया कि यदि मुख्यमंत्री आदिवासी समाज के प्रति संवेदनशील होते तो आदिवासी दिवस के अवसर पर समाज के लोगों को बधाई देते। मुख्यमंत्री को लेकर दिए गए इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं। कांग्रेस लगातार सरकार की नीतियों और कामकाज को लेकर सवाल उठाती रही है, वहीं भाजपा की ओर से भी कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया जाता रहा है।

तीन दिन के प्रशिक्षण शिविर में चुनावी रणनीति पर मंथन

बिलासपुर में आयोजित कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर तीन दिनों तक चला। इसमें संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों की तैयारी और सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया।बैज ने शिविर को लेकर कहा कि मंथन में ‘विष की एक बूंद भी नहीं निकली, तीन दिन तक अमृत ही अमृत निकला।’ उन्होंने कहा कि मास्टर ट्रेनर्स और ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार किया गया है। प्रशिक्षण के बाद ये पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेंगे।

‘एक-एक कार्यकर्ता अर्जुन बनकर निकलेगा’

दीपक बैज ने कांग्रेस की आगामी राजनीतिक रणनीति का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने चुनाव को लेकर अपना रोडमैप तैयार कर लिया है। किसानों, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय निकायों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता अब मैदान में सक्रिय भूमिका निभाएगा। बैज ने कहा कि एक-एक कार्यकर्ता अर्जुन बनकर निकलेगा और उसका निशाना सरकार की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दे होंगे।

BJP में जाने वाले नेताओं पर भी निशाना

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर भी दीपक बैज ने हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब ये नेता कांग्रेस में थे, तब वे उनके साथ चलते थे और संगठन में उन्हें महत्व मिलता था। लेकिन भाजपा में जाने के बाद उनकी स्थिति बदल गई है। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जाती, जबकि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रिय रहने की अपील की।

जल-जंगल-जमीन के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

प्रशिक्षण शिविर के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधनों और कोल ब्लॉक के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का फायदा बड़े पूंजीपतियों को पहुंचाया जा रहा है। बैज ने कहा कि कांग्रेस जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने बस्तर समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मानव-हाथी संघर्ष और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को भी उठाया।

शराब नीति को लेकर सरकार पर आरोप

दीपक बैज ने राज्य की शराब व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कथित नकली शराब, होलोग्राम और पैकिंग से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए शराब सिंडिकेट को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि शराब कारोबार में होने वाले कथित कमीशन और पैसों का आखिर फायदा किसे मिल रहा है। कांग्रेस पहले भी शराब नीति और शराब कारोबार को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाती रही है। बैज ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में पार्टी इस मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ अभियान तेज कर सकती है।

चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस

बिलासपुर के इस प्रशिक्षण शिविर को कांग्रेस की आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी संगठन को ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही सरकार के खिलाफ मुद्दों को लेकर आंदोलन की रणनीति बना रही है। दीपक बैज के बयानों से यह भी संकेत मिला कि कांग्रेस आने वाले समय में भाजपा के खिलाफ राजनीतिक हमले और तेज करेगी। खासतौर पर भाजपा के भीतर नाराजगी और नेताओं के कांग्रेस में आने के दावे को लेकर आने वाले दिनों में सियासी गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

हालांकि, भाजपा के किन बड़े नेताओं के कांग्रेस के संपर्क में होने का दावा किया जा रहा है, इसे लेकर दीपक बैज ने फिलहाल किसी का नाम नहीं बताया है। अब राजनीतिक गलियारों में नजर इस बात पर रहेगी कि बैज के ‘आगे कई बड़े धमाके’ वाले बयान के बाद कांग्रेस में भाजपा से कितने नेता शामिल होते हैं और इसका प्रदेश की राजनीति पर कितना असर पड़ता है।