
रायपुर .शनि का भय दिखाकर तीन बाबाओं ने एक महिला को ठग लिया। कष्ट दूर करने के नाम पर महिला से उसके सोने के कंगन व जेवर लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने महिला के असली गहने लेकर उसके स्थान पर स्टील के गहने थमा दिए। अगले दिन इसकी जानकारी हुई। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बाबाओं के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस के मुताबिक तेलीबांधा इलाके के सेलटैक्स कॉलोनी स्थित लोहिया पेपर गार्डन में गुरुवार दोपहर को अमरजीत कौर टहल रही थीं। इस दौरान एक बाबा मिले। उसने महिला से कहा कि उनपर शनि का प्रभाव है। इससे उनके परिवार में कष्ट चल रहा है। इसे दूर किया जा सकता है। पहले तो महिला ने बाबा की बात को गंभीरता से नहीं लिया। इस बीच दो लोग पहुंचे। उनमें से एक ने बाबा से कहा कि मुझ पर भी शनि का दोष है। कृपया मेरा कष्ट दूर करें। यह कहते हुए उसने अपनी सोने की अंगूठी व अन्य सामान उतारकर पहले वाले बाबा को दे दी। यह देखकर महिला भी उनकी बातों में आ गई।
पहले वाले बाबा ने बताया कि शनि का प्रभाव दूर करने के लिए आपको लोहे की चूडि़यां पहननी पड़ेगी। सोने-चांदी के गहने उतारकर कागज में रख दो। यह कहते हुए बाबा ने एक कागज दिया और उसमें सभी गहने रखने के लिए कहा। महिला ने अपने सोने के कंगन, टॉप्स और चेन उसमें रख दिए। बाबा ने मंत्र पढ़कर कागज की पुडि़या उन्हें लौटा दी। इसे अगले दिन पहनने के लिए कहा। साथ ही चेतावनी दी कि इसकी सूचना किसी को न दें। महिला ने एेसा ही किया। शुक्रवार को जेवर पहनने के लिए पुडि़या खोली। उसमें सोने के जेवर नहीं थे, बल्कि उसके स्थान पर स्टील की दो चूडि़यां और धागा था। इसकी जानकारी महिला ने परिजनों को दी। परिजनों ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तीन अज्ञात बाबाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पंडरी इलाके में हो चुकी है घटना
करीब छह माह पहले पंडरी इलाके में भी इसी तरह की वारदात हुई थी। इसमें आरोपियों ने एक महिला से पूजा-पाठ के नाम पर गहने उतरवा लिए थे। इसके बाद फरार हो गए। उसमें भी पहले एक बाबा ने पूजा-पाठ से कष्ट दूर करने का झांसा दिया था। बाद में अन्य लोग पहुंचे और बाबा की महिमा का बखान करने लगे। इससे पीडि़ता उनके झांसे में आ गई थी। आशंका जताई जा रही है कि सेलटैक्स कॉलोनी में वारदात करने वाला भी यही गिरोह है।
Published on:
30 Dec 2017 02:40 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
