
CG Election Result 2023: छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के बाद इंतजार की घड़ी रविवार को समाप्त हो जाएगी। सुबह 8 बजे 90 विधानसभा सीटों पर मतगणना शुरू होगी। इसके लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। रायपुर जिले के विधानसभा सीटों की मतगणना शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सेजबाहार में सुबह 8 बजे से होगी। सबसे पहले डाक मत पत्रों की गिनती शुरू होगी। इसके बाद करीब 8.30 बजे ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू होगी। सुबह 9 बजे पहला रुझान आएगा।
इसके बाद दूसरा रुझान 10.30 बजे आएगा। इसके साथ हवा का रुख भी साफ होगा। शाम 4 बजे तक यह तय हो जाएगा कि सत्ता की चाबी किस राजनीतिक दल को मिलेगी। बता दें कि प्रदेश के 90 विधानसभा सीटों में 2 चरण में चुनाव हुए थे। इसमें कुल 1181 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। रविवार को इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। खास बात यह है कि इस चुनाव में 29 साल के युवा से लेकर 86 साल के बुजुर्ग भी चुनाव मैदान में उतरे हैं।
चार महिला प्रत्याशियों का जीतना तय
इन विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 18 और भाजपा ने 15 महिला प्रत्याशियों को विधानसभा चुनाव की टिकट दी है। इनमें से चार महिलाओं का विधानसभा में जीतकर जाना तय है। दरअसल, प्रतापपुर, लैलूंगा, सराईपाली और सारंगढ़ में कांग्रेस-भाजपा दोनों ने महिला प्रत्याशियों पर ही भरोसा जताया है।
इन सीटों के नतीजों पर रहेगी नजर
कांग्रेस- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे, मोहम्मद अकबर, डॉ. शिवकुमार डहरिया, जयसिंह अग्रवाल, अनिला भेडि़या, उमेश पटेल, मोहन मरकाम, कवासी लखमा, गुरु रुद्र कुमार और अमरजीत भगत।
भाजपा- पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, विजय बघेल, रेणुका सिंह, गोमती साय, नारायण चंदेल, ओपी चौधरी, धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, अजय चंद्राकर, केदार कश्यप, महेश गागड़ा, प्रेमप्रकाश पाण्डेय अनुज शर्मा और नीलकंठ टेकाम।
नतीजे तय करेंगे घोषणा पत्र का महत्व
चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस-भाजपा दोनों ने वादों की झड़ी लगा दी थी। तू डाल-डाल तो मैं पात-पात की कहावत चरितार्थ करते हुए दोनों दलों ने जनता को रिझाने के लिए खुब वादे किए। भाजपा ने धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल किया, तो कांग्रेस ने 3200 रुपए कर दिया। दोनों दलों ने महिलाओं को सस्ता गैस सिलेंडर देने का वादा किया। साथ ही हर माह राशि देने की घोषणा भी की। अब चुनाव के नतीजे तय करेंगे कि जनता ने किसके घोषणा पत्र को ज्यादा महत्व दिया है।
Updated on:
03 Dec 2023 10:06 am
Published on:
03 Dec 2023 10:05 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
