
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा कार्यालय ( Photo - Patrika )
CG News: हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा: रायपुर. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षाओं से जुड़े शुल्कों में बढ़ोतरी कर दी है। यह वृद्धि आगामी शैक्षणिक सत्र 2026–27 से लागू होगी। मंडल ने परीक्षा शुल्क के साथ परीक्षा से पहले और बाद में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं तथा आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित शुल्कों में भी इजाफा किया है। माशिमं ने यह निर्णय वित्त समिति एवं कार्यपालिका समिति की अक्टूबर और दिसंबर में हुई बैठकों के आधार पर लिया है। उल्लेखनीय है कि परीक्षा शुल्क में आखिरी बार वर्ष 2021 के बाद अब बढ़ोतरी की गई है।
10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए नियमित परीक्षा शुल्क, अंकसूची तथा प्रति विषय प्रायोगिक शुल्क को मिलाकर पहले 460 रुपए लिए जाते थे, जो अब बढ़कर 800 रुपए हो गए हैं। वहीं आवेदन पत्र शुल्क में भी 70 रुपए की वृद्धि की गई है। पहले जहां आवेदन पत्र के लिए 80 रुपए देने होते थे, अब इसके लिए 150 रुपए चुकाने होंगे। निर्धारित समय पर नियमित आवेदन पत्र जमा नहीं करने की स्थिति में प्रति परीक्षा 31 दिसंबर तक विलंब शुल्क 2,000 रुपए तय किया गया है। पहले यह राशि 1,540 रुपए थी।
22 मदों में शुल्क वृद्धि
10वीं और 12वीं परीक्षा से जुड़े शुल्कों में बढ़ोतरी का निर्णय कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया। समिति ने कुल 22 मदों में शुल्क बढ़ाने की स्वीकृति दी है। इनमें नामांकन शुल्क, अतिरिक्त विषय, एक विषय व दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा), स्वाध्यायी विद्यार्थियों—छत्तीसगढ़ राज्य से बाहर के छात्रों के लिए पंजीयन एवं अनुमति शुल्क तथा राज्य के नवीन स्वाध्यायी छात्रों के पंजीयन एवं अनुमति शुल्क शामिल हैं। इन 21 मदों में शुल्क में लगभग डेढ़ से दोगुनी तक वृद्धि की गई है।
पंजीयन व अनुमति शुल्क में इजाफा
छत्तीसगढ़ राज्य के स्वाध्यायी अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) छात्रों के लिए पंजीयन एवं अनुमति शुल्क में भी लगभग डेढ़ गुनी वृद्धि की गई है। पहले इसके लिए 560 रुपए देने होते थे, जो अब 800 रुपए हो गए हैं। वहीं राज्य के नए स्वाध्यायी छात्रों और राज्य से बाहर के छात्रों के लिए पंजीयन एवं अनुमति सहित शुल्क में 560 रुपए की वृद्धि की गई है।
अब यह राशि 1,540 रुपए से बढ़कर 2,000 रुपए हो गई है। इसके अतिरिक्त एक विषय और दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा) के शुल्क में भी वृद्धि की गई है। एक विषय के लिए शुल्क 280 रुपए से बढ़ाकर 400 रुपए तथा दो विषय के लिए 340 रुपए से बढ़ाकर 600 रुपए कर दिया गया है।
Published on:
06 Feb 2026 11:18 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
