
CG News: नवापारा में परिसीमन के बाद बहुत से लोगों के घर का पता बदला, तो कुछेक पूरी तरह लापता हो गए। मतलब कुछ लोगों के वार्ड बदले, तो कुछ लोगों का नाम अब पूरे शहर की वोटर लिस्ट में कहीं नहीं है। वार्ड 6 में तो इंतेहां ही हो गई, जब एक पूर्व पार्षद ही अपने वार्ड से निकाल दी गईं।
अब उनका घर वार्ड 5 में आता है। ऐसे में परिसीमन की अनियमितताओं को लेकर मतदाताओं के साथ जन प्रतिनिधियों में भी खासा रोष है। नवापारा में विधानसभा चुनाव के बाद पालिका और पंचायत चुनावों के लिए वार्डों का परिसीमन किया गया। इसमें कई अनियमितताएं आई। पालिका में यह काम बिना सूचना के हुआ। इससे जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में असंतोष है।
वार्ड 6 पार्षद योगेंद्र कंसारी के साथ वार्ड 5 पार्षद और सभापति अजय कोचर ने 15 जुलाई को आपत्तियां दर्ज कीं। उन्होंने कहा कि वार्ड 6 के 200 मतदाता दूसरे वार्ड में डाल दिए गए। वहीं वार्ड 5 के 100 मतदाताओं का नाम विलोपित कर दिया गया है।
बात यहीं खत्म नहीं होती। जिनका नाम विलोपित हुआ, उन्हें दोबारा आवेदन देने मजबूर किया जा रहा है। जिन्हें इसकी जानकारी नहीं, वे मतदान से वंचित हो जाएंगे। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। कंसारी ने बताया कि वार्ड 6 की पूर्व पार्षद हर्षा कंसारी का नाम भी वार्ड 6 से हटाकर 5 में कर दिया गया है। यह गंभीर है। विधायक इंद्र कुमार साहू को सूचित किया गया, लेकिन पालिका के सीएमओ अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं।
नवापारा में पालिका चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में ये मतदाता किस वार्ड में मतदान देंगे? जिनका नाम विलोपित हुआ है, क्या वे मतदान कर पाएंगे? इसी के साथ सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या ये लोग पार्षद या पालिकाध्यक्ष के प्रत्याशी बन पाएंगे या नहीं? इस स्थिति ने सभी को भ्रमित कर दिया है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि ऐसे में चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सकता है। अब देखना है कि शासन इस मुद्दे पर क्या कदम उठाता है।
परिसीमन में अफसरों की लापरवाहियां इस कदर है कि छोटी-मोटी त्रुटि मानकर कोई इसे हजम करने को भी तैयार नहीं है। बताते हैं कि वार्ड 21 में रहने वाली एक मतदाता का नाम वार्ड 5 में जोड़ दिया गया। यह स्थिति और भी चिंताजनक है।
स्थानीय बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) तक को जानकारी नहीं थी। बीएलओ ने बताया, हमने सूची भेज दी थी। हम भी हैरान हैं। मतदाता पुनरीक्षण केंद्र पर भारी भीड़ लगी है। पूर्व पार्षद सौरभ सिंटू जैन, कांग्रेस कार्यकर्ता गुड्डू मिश्रा, पार्षद अजय कोचर, पार्षद योगेंद्र कंसारी आदि मतदाता सूची का अवलोकन करने पहुंचे।
Updated on:
23 Oct 2024 11:44 am
Published on:
23 Oct 2024 11:44 am
