
CG Politics: प्रदेश भाजपा ने सदस्यता अभियान का आंकड़ा 52 लाख छू लिया है। इतने आंकड़े तक पहुंचने के लिए भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है। कई बार तो सदस्य बनने को लेकर कुछ घरों में बाप-बेटे और सास-बहू के बीच झगड़ा भी हो जा रहा है। क्योंकि, किसी घर में बाप कांग्रेसी तो बेटा भाजपाई है।
वहीं सास भाजपाई तो बहू कांग्रेसी है। इस कारण से जब भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता सदस्यता अभियान के दौरान सदस्य बनाने घर पर पहुंचते हैं, तो सदस्य बनने को लेकर परिवार के लोगों के बीच खींचतान मच जाती है। कुछ जगह पर तो भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता समझा-बुझाकर सदस्य बना पा रहे हैं, लेकिन कुछ जगहों से बैरंग भी लौटना पड़ रहा है।
प्रदेश भाजपा संगठन को सदस्यता अभियान के तहत प्रदेश में 60 लाख सदस्य बनाने का टारगेट शीर्ष नेतृत्व ने दिया है। अब तक 52 लाख के करीब सदस्य बनाए जा चुके है। 31 अक्टूबर तक सदस्यता अभियान चलेगा।
फिलहाल भाजपा ने 8 लाख सदस्य बनाने के लिए सभी जिलों के जिला अध्यक्षों और टारगेट पूरा नहीं करने वाले मंत्रियों, विधायकों को टारगेट शीघ्र पूरा करने को कहा जा रहा है। दीपावली में विशेष अभियान चलाकर सदस्य बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा गया है।
जांजगीर-चांपा जिले के एक वरिष्ठ नेता भी अपने कार्यकर्तओं को साथ लेकर सदस्य बनाने एक घर में गए। जहां दो महिला थीं। जिसमें एक सास और दूसरी बहू थी। भाजपा की रीति-नीति और उपलब्धियां बताने के बाद बहू भाजपा की सदस्यता लेने के लिए तैयार हो गई।
इसी बीच उनकी सास उनसे कहने लगी हम लोग वर्षों से कांग्रेसी है, तो तुम भी कांग्रेसी रहोगी। इसके बाद तो दोनों सास-बहू के बीच करीब 10 मिनट तक बहस होती रही। आखिर में बहू में अपनी जिद पर अड़ी रही और भाजपा की सदस्यता ली।
CG Politics: राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर में भाजपा पदाधिकारी अपने कार्यकर्ताओं के साथ 10 दिन पहले सदस्यता अभियान के तहत सदस्य बनाने एक घर में गए। जहां पहले तो चाय-पानी पिलाया गया है। इसके बाद जब उन्होंने घर पर मौजूद महिला से जब सदस्य बनने को कहा, तो उन्होंने अपना मोबाइल देकर सदस्य बनाने की बात कही।
इसी बीच उनका बेटा कहने लगा भाजपा का सदस्य नहीं बनाओगी, क्योंकि मैं कांग्रेसी हूं। इसके बाद मां-बेटे के बीच खींचतान होने लगी। आखिर में महिला अपनी जिद पर अड़ी रही और सदस्य बनी।
Updated on:
27 Oct 2024 11:01 am
Published on:
27 Oct 2024 11:01 am
