19 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में लू की स्थिति, राजनांदगांव में पारा 45°C

CG Weather Update: राजनांदगांव, रायपुर और दुर्ग में तापमान 43 से 45 डिग्री तक पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा देखा जा रहा है।

2 min read
Google source verification
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में लू की स्थिति, राजनांदगांव में पारा 45°C(photo-patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में लू की स्थिति, राजनांदगांव में पारा 45°C(photo-patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है। मध्य क्षेत्र के जिलों में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। शनिवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग और रायपुर में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया। लगातार बढ़ती गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है।

CG Weather Update: रातें भी हो रहीं गर्म, सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा तापमान

गर्मी का असर केवल दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि अब रातें भी गर्म रहने लगी हैं। शहरी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। इससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, लू की स्थिति बनी रहेगी

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का मध्य हिस्सा पूरी तरह गर्मी की चपेट में है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और राजनांदगांव में लू जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं। आज भी एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर (Heatwave) चलने की संभावना जताई गई है।

अगले दो दिनों में बदलाव के आसार, बारिश की हल्की संभावना

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों के बाद कुछ क्षेत्रों में बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना भी बनी हुई है। हालांकि फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे कम तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसमीय सिस्टम के कारण बना गर्मी का दबाव

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, विभिन्न द्रोणिकाएं, चक्रवाती परिसंचरण और प्रति-चक्रवातीय सिस्टम मिलकर प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। इसके चलते छत्तीसगढ़ में शुष्क मौसम बना हुआ है और तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

रायपुर में दिन-रात गर्मी का असर जारी

राजधानी रायपुर में आज भी तेज गर्मी का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने ग्रीष्म लहर की चेतावनी जारी की है। रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे दिन और रात दोनों समय गर्मी परेशान कर सकती है।