
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सड़क हादसे का शिकार (Photo Patrika)
Kiran Dev Accident: छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव को बेहतर इलाज के लिए दतिया से दिल्ली रेफर किया गया है। प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच और एमआरआई रिपोर्ट में उनकी कमर की हड्डी (स्पाइन) में फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा वाले अस्पताल में भर्ती कराने का निर्णय लिया। अब उनका उपचार दिल्ली-एनसीआर स्थित मेदांता अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, दतिया में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद किरण देव की विस्तृत जांच कराई गई। डॉक्टरों ने दर्द और चोट की गंभीरता को देखते हुए एमआरआई कराया, जिसमें कमर की हड्डी में फ्रैक्चर सामने आया। इसके बाद स्थानीय चिकित्सकों ने उन्हें तत्काल दिल्ली रेफर करने की सलाह दी। एमआरआई रिपोर्ट आने के बाद मेडिकल टीम ने माना कि चोट सामान्य नहीं है। स्पाइन में फ्रैक्चर की पुष्टि होने के कारण बेहतर इलाज और लगातार निगरानी के लिए उन्हें मेदांता अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में स्पाइन और ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों की टीम उनका उपचार करेगी।
दिल्ली पहुंचने के बाद किरण देव को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। यहां उनकी दोबारा मेडिकल जांच होगी और विशेषज्ञ डॉक्टर तय करेंगे कि फ्रैक्चर का इलाज दवाओं और बेड रेस्ट से संभव है या सर्जरी की आवश्यकता पड़ेगी। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि स्पाइन से जुड़ी चोटों में सावधानी बेहद जरूरी होती है। इसलिए विस्तृत जांच और विशेषज्ञों की राय के बाद ही आगे की उपचार प्रक्रिया तय की जाएगी। फिलहाल किरण देव की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उन्हें विशेषज्ञों की निगरानी में रखा जाएगा।
यूपी के झांसी से सटे ललितपुर में बुधवार दोपहर NH-44 पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद उन्हें तुरंत झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम, एसएसपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे हुए थे। भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए। किरण सिंह देव बागेश्वर धाम गए थे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर वे परिवार के साथ वहां पहुंचे थे। वापसी के दौरान यह हादसा हुआ था।
बता दे तालबेहट में जिस जगह हादसा हुआ वह ललितपुर जिला मुख्यालय से करीब 44 किमी दूर है। नेशनल हाईवे-44 पर सामने आ रही तेज रफ्तार कार ने अचानक कट मार दिया। गाड़ी को बचाने में किरण सिंह देव के ड्राइवर ने कार को मोड़ा, तभी वह कंट्रोल खो बैठा और कार हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा इंजन तक चकनाचूर हो गया है।
हादसे के वक्त कार की स्पीड करीब 80 किमी प्रति घंटे रही होगी। हादसे के समय कार में उनकी पत्नी रीना सिंह देव और बेटी आयुषी भी मौजूद थीं। परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई। केवल किरण सिंह देव के कूल्हे में चोट है। किरण देव के काफिले में पीछे चल रही अन्य सभी गाड़ियां पूरी तरह सुरक्षित हैं। कार में मौजूद पीएसओ, पीए और ड्राइवर को हल्की और मामूली चोटें आई हैं।
Updated on:
30 Jul 2026 01:37 pm
Published on:
30 Jul 2026 11:39 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
