
इस कारण से आक्रोशित गांववालों ने किया मतदान बहिष्कार का फैसला, गांव के बाहर लगाया बोर्ड
जशपुरनगर/बगीचा. विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर सामने आने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला बगीचा विकासखंड के ग्राम पंचायत बेडेकोना के आश्रित ग्राम इचौली से आया है। यहां के ग्रामीण कन्हर नदी पर पुल नहीं बनने से आक्रोशित हैं और उन्होंने गांव के बाहर पुल नहीं तो वोट नहीं का बोर्ड लगा दिया है। इचौली और सरनाटोली गांव की कुल आबादी १७०० है। इन गांव में जाने के लिए कन्हर नदी पार करना पड़ता है।
पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में 3-4 माह तक वे गांव से कहीं नहीं निकल सकते। तीन से चार माह का राशन एक साथ घर में रखते हैं। लंबे समय से ग्रामीण पुल के अलावा बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। पर अब तक किसी ने उनकी बात नहीं सुनी है।
रैली निकाली और गांव के बाहर लगाया बोर्ड
रविवार को सभी ग्रामीणों ने एकत्र होकर रैली निकाली। सभी ने हाथों में बोर्ड रखा था जिस पर पुल नहीं तो वोट नहीं लिखा था। गांव के बाहर रैली पहुंची जहां पर उन्होंने एक बोर्ड भी लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से मांगों को किसी भी राजनीतिक दल ने गंभीरता से नहीं लिया है। वोट मांगने गांव में नेता जरूर पहुंचते हैं और उसके बाद इस गांव में कोई नहीं आता है। इसलिए गांववालों ने भी निर्णय ले लिया है, जब तक पुल का निर्माण नहीं हो जाता तब वे अपने मत का प्रयोग नहीं करेंगे।
Updated on:
05 Nov 2018 09:07 am
Published on:
05 Nov 2018 09:07 am
