22 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Kashmir terrorist attack: कुलगाम आतंकी हमले पर छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, मृतक श्रमिकों के परिवारों को मिलेगी 20-20 लाख की सहायता

Jammu Kashmir Terror Attack: छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के परिजनों को राज्य सरकार 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहत राशि की घोषणा करते हुए घटना की कड़ी निंदा की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
2 min read
Google source verification
Kulgam terrorist attack

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Photo Patrika)

Kulgam terrorist attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के परिवारों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने दोनों मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

दो मजदूरों की मौत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिकों पर किए गए कायराना हमले में सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री साय ने इस जघन्य और अमानवीय आतंकी घटना की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध अपराध है और ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं।

श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार की ओर से दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर सरकार के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।

परिजनों को हर संभव सहायता

राज्य सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्त की जाएगी, जो परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा। मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

पीड़ितों के परिजनों से गृहमंत्री विजय शर्मा ने की बात

दीपक रात्रे एवं भूपेन्द्र की निर्मम हत्या की सूचना मिलते ही उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान तत्काल दोनों दिवंगतों के परिजनों से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। शर्मा ने अधिकारियों को भी आवश्यक समन्वय एवं हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। घटना ने पूरे प्रदेश को गहरे शोक में डाल दिया है।