
रायपुर. नगर निगम आयुक्त ने पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए जोन-1 कमिश्नर कृष्णा खटीक को जोन- 2 कमिश्नर एवं जोन- 2 कमिश्नर आरके डोंगरे को जोन- 1 कमिश्नर का कार्यभार सौंपा है। इसके अलावा निगम प्रशासन ने कुछ अन्य अधिकारियों और इंजीनियरों के काम भी में फेरबदल किया है।
इसमें प्रभारी कार्यपालन अभियंता बीएल चंद्राकर को फिल्टर प्लांट का अतिरिक्त प्रभार, वर्तमान चालू प्रभार के साथ दिया गया है। वहीं योजना स्मार्ट सिटी के कार्यपालन अभियंता राजेश शर्मा जोन- 8 के कार्यपालन अभियंता के रूप में पदस्थ किए गए हैं। इसके अलावा उन्हें समय -समय पर आयोजित बैठकों की जानकारी तैयार करना, रविभवन, भैंसथान, आर्बीटे्रशन से संबंधित सम्पूर्ण कार्यों के संपादन का प्रशासनिक दायित्व सौंपा गया है।
जोन- 8 के प्रभारी कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा को योजना स्मार्ट सिटी में प्रभारी कार्यपालन अभियंता के रूप में पदस्थ किया गया है। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रीतम मिश्रा को सिटी डिस्पेंसरी संस्कृति पर्यटन, मनोरंजन, विरासत संरक्षण विभाग के प्रभारी अधिकारी के साथ जनसूचना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कार्यपालन अभियंता एके माल्वे को जलप्रदाय (वितरण), मिशन अमृत, एसबीएम को मिशन अमृत के प्रभार से मुक्त करते हुए पूर्व आवंटित अन्य समस्त प्रभार यथावत रखा गया है।
उपायुक्त केडी चंद्राकर को जनसूचना अधिकारी के प्रभार से मुक्त कर दिया गया। पूर्व आवंटित समस्त अन्य प्रभारों को यथावत रखते हुए चंद्राकर को सिटीजन कॉप से प्राप्त शिकायत निवारण का जिम्मा सौंपा गया है। कार्यपालन अभियंता यूके राठिया को मिशन अमृत के कार्यों का प्रशासनिक दायित्व दिया गया है।
प्रभारी सहायक अभियंता प्रदीप यादव को जोन- 8 से फि ल्टर प्लांट में एवं प्रभारी सहायक अभियंता राकेश अवधिया को जलप्रदाय विभाग से जोन -8 में पदस्थ किया गया है। उप अभियंता दीपक देवांगन को जोन- 8 से जोन- 6 में
उपअभियंता पद पर एवं जोन- 3 के उपअभियंता अजय श्रीवास्तव जोन- 8 के उपअभियंता पद पर पदस्थ किया गया है। जबकि नगर निवेश विभाग निगम मुख्यालय के उपअभियंता सैय्यद जोहेब को वर्तमान चालू प्रभार के साथ जोन- 5 उपअभियंता का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। सोमवार से सभी को अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
Published on:
23 Sept 2017 08:16 pm

