29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG Politics: छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमाई, एक्साइज ड्यूटी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और मंत्री आमने-सामने

CG Politics: पलटवार करते हुए मंत्री चौधरी ने लिखा, आपकी इन्हीं हरकतों के कारण जनता ने लानत भेजकर आपको बाहर का रास्ता दिखा दिया। फिर भी जनता जनार्दन को गुमराह करने से पहले अपना इतिहास तो याद कर लिया करें।

2 min read
Google source verification
CG Politics: छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमाई, एक्साइज ड्यूटी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और मंत्री आमने-सामने

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वित मंत्री ओपी चौधरी (Photo Patrika)

CG Politics: @राहुल जैन। पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पेट्रोल डीजल में एक्साइज ड्यूटी कम करने के फैसले का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया था। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया में तंज कसा है। इस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पलटवार करते हुए लिखा है, जनता को गुमराह नहीं करें। उनकी राजनीति आपदा में वसूली की रही है। जबकि मोदी सरकार संकट के समय भी जनता को राहत देने का काम कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है, जिन-जिन लोगों को इस कटौती से राहत मिले वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सार्वजनिक अभिनंदन करें और अगर न मिले तो उनको लानत भेजें सांय सांय। बघेल ने कहा, तेल कंपनियों के लिए राहत दी गई और चाटुकारिता करने के लिए जनता को लाभ मिलने की अफवाह फैला रहे हैं। जनता को एक कौड़ी राहत नहीं मिलने वाली।

इस पर पलटवार करते हुए मंत्री चौधरी ने लिखा, आपकी इन्हीं हरकतों के कारण जनता ने लानत भेजकर आपको बाहर का रास्ता दिखा दिया। फिर भी जनता जनार्दन को गुमराह करने से पहले अपना इतिहास तो याद कर लिया करें। कोविड जैसी आपदा के समय जब पूरी दुनिया संकट से जूझ रही थी और लोग आर्थिक मुश्किलों में थे, तब आपने पेट्रोल पर वैट बढ़ाकर आपदा को अवसर बनाकर वसूली की थी।

आज जब दुनिया युद्ध और वैश्विक हालात के कारण महंगे तेल से जूझ रही है, तब केवल भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों पर बोझ न बढ़े, इसलिए एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला लिया है, लेकिन आपको तकलीफ इस बात से है कि जनता को राहत मिल रही है। साफ है कि आपके समय में आपदा वसूली का अवसर थी, मोदी के नेतृत्व में संकट में भी जनता को राहत देने का संकल्प है।

अफीम के बाद गांजे की खेती का खुलासा, सरकार के संरक्षण से संभव: बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, प्रदेश में 6 जगह अफीम की खेती के खुलासे के बाद अब कोंडागांव के केशकाल ब्लॉक में गांजे की खेती का खुलासा हुआ है। मक्के की खेती के बीच गांजे की खेती हो रही थी। तीन दिन पहले सरकार ने 30 जिला कलेक्टरों के हवाले से दावा किया कि कलेक्टरों ने सर्चिंग ऑपरेशन चलाकर तफ्तीश की, कहीं पर अफीम, गांजे आदि की खेती नहीं हो रही है।

केशकाल में गांजे की खेती के खुलासे से साफ हो गया कि कलेक्टरों ने सरकार को गलत रिपोर्ट दी या सरकार ने कलेक्टरों के माध्यम से जनता से झूठ बोला। सरकार बताए कि अब वह कलेक्टर पर कार्रवाई करेगी। सरकार की इस लीपापोती से साफ हो रहा कि सरकार के संरक्षण में ही अफीम गांजा की खेती हो रही। सरकार इस पर कार्रवाई नहीं करना चाह रही। इसका उदाहरण है नगरी जहां पर अफीम खेती पर सरकार ने एफआईआर ही दर्ज नहीं की, केवल पौधे नष्ट किए गए।