
rising temperature
Heat Wave: राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण प्रदेश भट्ठी की तरह तपने लगा है। शुक्रवार को 44.8 डिग्री पारे के साथ दुर्ग प्रदेश में सबसे गर्म रहा, वहीं रायपुर में तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश के बाद मौसम शुष्क होने से ज्यादातर शहरों में पारा 41 डिग्री के पार पहुंच गया है।
न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने से अब रातें भी लू जैसी गर्म हो रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश में लू का अलर्ट जारी किया है, साथ ही आगामी 48 घंटों के लिए विभिन्न जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को रायपुर में पारा 45 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।
नौतपा की बात करें तो इस बार 25 मई से 2 जून तक चलेगा। इस दौरान 9 दिनों तक सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, नौतपा में तापमान 45 से 50 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। तापमान और लू बढ़ने से वातावरण में तेजी से बदलाव होता है। तापमान में भारी बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
नौतपा के दिनों सूर्य की किरणें अधिक तेज होकर धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ने लगता है। यही वजह है कि इस समय भीषण गर्मी और तेज लू का सामना करना पड़ता है। बढ़ती गर्मी की वजह से बच्चे से लेकर बुजुर्गों के सेहत में इसका बुरा प्रभाव पड़ सकता है, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सुबह दिन के 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से न निकले। जरूरत पड़ने पर सावधानी बरतते हुए ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण अंदरूनी उड़ीसा और उसके आसपास विस्तारित है. एक द्रोणिका उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से अंदरुनी उड़ीसा छत्तीसगढ़ होते हुए 1.5 कम ऊंचाई तक विस्तारित है. वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास बना हुआ है. प्रदेश में आज मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान में अगले तीन दिनों में दो डिग्री के आसपास वृद्धि होने की संभावना है. बस्तर संभाग में 26 मई से वर्षा का दौर प्रारंभ होने की संभावना है. मध्य क्षेत्र में 29 मई से वर्षा की गतिविधि प्रारंभ होने की सम्भावना बन रही है।
धमतरी, बलोद, रायपुर, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, बलौदाबाजार, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, मुंगेली के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान झूलसाने वाली गर्मी के साथ लोग गर्म हवाओं से परेशान रहेंगे।
Updated on:
23 May 2026 09:03 am
Published on:
23 May 2026 06:44 am
