
रायपुर . मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में राज्य पुलिस के जवानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने कहा- नक्सल प्रभावित इलाकों में कार्यरत सहायक आरक्षकों को नियमित पुलिस आरक्षक भर्ती में 15 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। वर्तमान सहायक आरक्षकों में से 20 प्रतिशत को वरिष्ठ अथवा उच्चतर वेतनमान भी दिया जाएगा। इससे उन्हें प्रत्येक महीने 2500 रुपए ज्यादा मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा- पुलिस आरक्षकों (कांस्टेबलों ) की भर्ती में बस्तर अंचल के युवाओं को शारीरिक मापदंड में विशेष छूट दी जाएगी, जिसका लाभ वर्तमान सहायक आरक्षकों को भी मिलेगा और वे भी भर्ती प्रक्रिया में क्वालीफाई कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने नगर सैनिकों (होमगार्डों) के वर्तमान मासिक मानदेय को दस हजार रुपए से बढाकर तेरह हजार दो सौ रुपए करने का भी ऐलान किया। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की सभी बटालियनों में सेवाएं दे रहे छत्तीसगढ़ के पुलिस कर्मियों के परिवारों को जिन्हें वर्तमान में सरकारी मकानों की सुविधा नहीं मिल रही है, उन्हें गृहभाड़ा भत्ता दिया जाएगा। चाहे वे राज्य के भीतर सेवा दे रहे हों या भारत के किसी भी राज्य में।
मुख्यमंत्री ने कहा- राज्य सरकार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चार बटालियनों में पांच हजार 800 जवानों की भर्ती कर रही है अब तक 2800 भर्तियां हो चुकी हैं। इन बटालियनों के बारह सौ जवानों को प्रमोशन भी दिया जा रहा है। बस्तर के विकास के लिए भारत सरकार से सात सौ करोड़ रुपए का विशेष पैकेज जल्द मिलने वाला है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर संभाग में पचास नए थाना भवन जल्द बनवाए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने बस्तर को वर्ष 2020 तक नक्सल मुक्त करने का संकल्प भी दोहराया।
इससे पहले छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी बटालियन के माना स्थित परिसर में आयोजित राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने परेड की सलामी ली। उन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस जवानों के बलिदानों को याद किया और पुष्प-चक्र अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस के 23 शहीद जवानों को भी श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की।
Published on:
21 Oct 2017 05:12 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
