
29 अप्रैल को होगी कैबिनेट बैठक! CM साय करेंगे अध्यक्षता, कई विभागों की योजनाओं और कार्यों की होगी समीक्षा(photo-patrika)
CG Cabinet Meeting: छत्तीसगढ़ के रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक 29 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में होगी, जिसमें विभिन्न अहम नीतिगत मुद्दों पर चर्चा की संभावना है।
कैबिनेट बैठक के बाद उसी दिन दोपहर 3:30 बजे छत्तीसगढ़ जनजातीय सलाहकार परिषद की बैठक भी आयोजित की जाएगी। यह बैठक भी मंत्रालय (महानदी भवन) में ही होगी। आदिम जाति विकास विभाग द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
जनजातीय सलाहकार परिषद की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसमें विशेष रूप से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा।
बैठक में 11 मार्च 2025 को हुई पिछली बैठक के कार्यवाही विवरण के पालन प्रतिवेदन पर भी चर्चा होगी। इसके जरिए पूर्व में लिए गए निर्णयों की प्रगति और क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
बैठक में आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। इसमें संस्थान में रिक्त पदों पर भर्ती, उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति के लिए टीआई पद की स्थापना और संग्रहालय में जनजातीय धार्मिक स्थलों के निर्माण एवं प्रदर्शन जैसे मुद्दे शामिल हैं।
इसके अलावा बैठक में वर्ष 2024-25 के लिए अनुसूचित क्षेत्रों के प्रशासन पर राज्यपाल के प्रतिवेदन के अनुमोदन सहित जनजातीय समाज से जुड़े अन्य अहम मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी, ताकि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।
इस बैठक में राज्य के समग्र विकास, जनजातीय समुदाय के कल्याण तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है, जिससे प्रशासनिक कार्यों को गति मिलने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो सकता है।
Updated on:
25 Apr 2026 11:23 am
Published on:
25 Apr 2026 11:23 am
