
,,
रायपुर स्थित सर्किट हाउस में शनिवार से कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वहां अफसरों की क्लास ले रहे हैं. सुबह करीब 9.30 बजे शुरू हुई कॉन्फ्रेंस में CM बघेल लोगों से जुड़ी योजनाओं के साथ ही कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं. पहले दिन संभवत: योजनाओं और उनके क्रियान्वयन पर ही बात होगी. अगले दिन बिगड़ती कानून व्यवस्था बड़ा मुद्दा होगा. इस दौरान अफसरों को मुख्यमंत्री बघेल नया टास्क भी दे सकते हैं.
चिटफंड कंपनियों से रिकवरी पर जताई नाराजगी
कॉन्फ्रेंस शुरू होते ही मुख्यमंत्री बघेल ने चिटफंड कंपनियों को लेकर नाराजगी जताई. कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी होने पर उन्होंने अफसरों से कहा है कि अन्य राज्यों में उनकी संपत्ति हो तो उसकी कुर्की की कार्रवाई शुरू करें. इसके लिए कोर्ट के माध्यम से कुर्की कराने का प्रयास किया जाए. बैठक की शुरुआत में DGP चिटफंड कंपनियों को लेकर जानकारी दे रहे थे. साथ ही CM ने नशे के कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए. कहा कि सोर्स तक जाएं.
पहले दिन दोपहर तक ही बैठक
पहले दिन 8 अक्तूबर को कॉन्फ्रेंस में प्रदेश के सभी संभागा आयुक्त, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौजूद रहेंगे. दोपहर करीब 2.30 बजे के भोजन के बाद पुलिस अफसरों को बैठक छोड़कर जाने की अनुमति होगी. फिर समीक्षा बैठक में सभी कलेक्टर्स के साथ संभागीय आयुक्त, सीईओ जिला पंचायत और आयुक्त नगर निगम उपस्थित रहेंगे. इसके अगले दिन 9 अक्तूबर को फिर सुबह 9.30 बजे से समीक्षा बैठक शुरू होगी. इसके दिन भर चलने की संभावना है.
महासमुंद में रामचंडी दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इसके बाद शनिवार दोपहर 2.35 बजे हेलीकॉप्टर से 3.20 बजे महासमुंद जिले के विकासखंड बसना अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर पहुंचेंगे. यहां रामचंडी मंदिर स्थित मैदान में राम चंडी दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे. वहां से शाम 5.15 बजे रायपुर लौट आएंगे.
Updated on:
08 Oct 2022 11:42 am
Published on:
08 Oct 2022 11:42 am
