27 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम, छत्तीसगढ़ के 34 जिलों में बारिश का डबल अलर्ट, अगले चार दिन बरसेंगे बादल

Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत सिस्टम से छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश का अनुमान जताते हुए 34 जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Google source verification
CG Weather

Weather (34 जिलों में बारिश का अलर्ट Photo Source- Patrika)

रायपुर@अजय रघुवंशी। Chhattisgarh Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब ने मानसून को फिर ताकत दे दी है। प्रदेश में धान की फसल के लिए इस बारिश को लाभदायक माना जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इसके असर से प्रदेश में अगले चार दिनों तक सक्रिय मानसूनी परिस्थितियां बनी रहेंगी। विभाग ने 27 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई

राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने और एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। महासमुंद जिले के बसना में सबसे अधिक 15 सेंटीमीटर और सरायपाली में 12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोनाखान में 7 सेंटीमीटर, जबकि जनकपुर-भरतपुर और पिथौरा में 4-4 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा कई जिलों में 1 से 3 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

अगले 4 दिन बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना अवदाब अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर गहरे अवदाब में बदल सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। रायपुर में 27 जुलाई को अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। विभाग के मुताबिक हालांकि, प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से 20 प्रतिशत कम है। ऐसे में अगले चार दिनों की बारिश से मानसून की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है।

पारा गिरा

बारिश और बादलों के असर से राजधानी के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान पेंड्रा रोड में 33.2 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान भी पेंड्रा रोड में 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर और दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री, अंबिकापुर में 32.9, जगदलपुर में 30 और पेंड्रा रोड में 33.2 डिग्री रहा। बारिश के दौर के बीच तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से 20 प्रतिशत कम है।