
सूखे नशे का धंधा करने वाले आरोपी गिरफ्तार (Photo Patrika )
CG Crime @त्रिलोचन मानिकपुरी। राजधानी में सिंथेटिक ड्रग्स के जाल पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इसमें युवाओं को रोजगार के नाम पर जोड़कर उन्हें नशे के धंधे में झोंका जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो मास्टरमाइंड भी शामिल हैं। मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में मामले का खुलासा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि शहर में एमडीएमए जैसी खतरनाक ड्रग्स की सप्लाई नए तरीके से की जा रही है।
आरोपी रेपिडो राइडरों का इस्तेमाल करते हुए सुनसान स्थानों पर ड्रग्स रख देते थे और फिर ग्राहकों को व्हाट्सएप के जरिए वीडियो व लोकेशन भेजकर डिलीवरी पूरी करते थे। डीसीपी क्राइम एण्ड साइबर स्मृतिक राजनाला एवं डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता ने पुलिस टीम को जांच के निर्देश दिए। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच के आधार पर संदिग्ध राइडरों की पहचान की।
एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने काशीराम नगर के पास तीन राइडरों- सौरभ डोंगरे, शुभम राठौर और सौरभ यादव को एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि ये तीनों आरोपी कुणाल मंगतानी के निर्देश पर काम कर रहे थे, जो रायपुर में ड्रग्स का स्थानीय संचालक था। पुलिस ने उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया।
कुणाल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दिल्ली में दबिश दी, जहां इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड दिल्ली निवासी महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा को पकड़ा। जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी पहले भी ड्रग्स के मामले में जेल जा चुके हैं और रिहा होने के बाद फिर से इस अवैध कारोबार में सक्रिय हो गए थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे नाइजीरियन नागरिकों से ड्रग्स खरीदते थे और कुरियर के माध्यम से रायपुर मंगवाते थे। इसके बाद स्थानीय स्तर पर युवाओं को जोड़कर डिलीवरी करवाई जाती थी। पैसों के लेन-देन के लिए विभिन्न बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था।
कुणाल मंगतानी पिता संतोष मंगतानी (23) श्रद्धा आश्रम के पास काशीराम नगर निवासी, सौरभ डोंगरे पिता संजय डोंगरे (29) चौरसिया कालोनी मस्जिद के पास टिकरापारा निवासी, शुभम राठौर पिता ईश्वर प्रसाद राठौर(31) कृष्णा नगर शर्मा अस्पताल के पास टिकरापारा निवासी, सौरभ यादव पिता परमानंद यादव (21) खमतराई पुलिस कालोनी निवासी, महेश सिंग खड़का पिता हीरासिंग खड़का (28) सी-06 पंचशील विहार अपर ग्राउण्ड फ्लोर शेख सराई साउथ दिल्ली निवासी, कुसुम हिन्दुजा पिता स्व. भागचंद हिन्दुजा उम्र (25) एल.आई.जी. 40 अवंति विहार शंकर नगर निवासी को गिरफ्तार किया गया है।
महेश खड़का एवं कुसुम हिन्दुजा, मास्टर माइंड एवं डिलीवरी नेटवर्क के प्रबंधन, कुणाल मंगतानी - कोरियर से ड्रग्स रिसीव करने वाला, सौरभ यादव, शुभम राठौर एवं सौरभ डोंगरे - ड्रग्स को ग्राहकों तक पहुंचाने वाले रैपिडो राइडर
48.03 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, कीमत लगभग 7 लाख रुपए, 8 नग पार्टी पिल्स, 9 नग मोबाइल फोन, 4. स्प्लेण्डर मोटर साइकल, ड्रग्स सप्लाई में प्रयुक्त कुरियर बॉक्स।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने जनता विशेषकर युवा वर्ग से अपील की है कि वह स्वयं को इन खतरनाक सिंथेटिक ड्रग्स के सेवन व प्रसारण से बचें और इस तरह की गतिविधियों की जानकारी पुलिस से साझा करें, ताकि हम सब मिलकर नशा मुक्त समाज का निर्माण कर सके।
Published on:
01 Apr 2026 12:20 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
