1 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Raipur Traffic: रायपुर वासियों को एमजी रोड-शारदा चौक के ट्रैैफिक से मिलेगी निजात, शहर से दूर बनेगा इलेक्ट्रॉनिक मार्केट

Raipur Traffic: एमजी रोड पर 100 से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक दुकानों के कारण थोक और रिटेल खरीदारी के चलते दिनभर भारी भीड़ रहती है, जिससे हजारों वाहन प्रभावित होते हैं।

2 min read
Google source verification
Raipur Traffic: रायपुर वासियों को एमजी रोड-शारदा चौक के ट्रैैफिक से मिलेगी निजात, शहर से दूर बनेगा इलेक्ट्रॉनिक मार्केट

रायपुर की सडको पर ट्रैफिक जाम (Photo Parika )

Raipur Traffic: @अजय रघुवंशी। राजधानी में एमजी रोड से लेकर शारदा चौक तक रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। निगम ने बजट में शहर से बाहर इलेक्ट्रॉनिक मार्केट का प्लान तैयार किया है। शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले इस कारोबारी इलाके से इलेक्ट्रॉनिक बाजार को बाहर शिफ्ट कर डूमरतराई में नया इलेक्ट्रॉनिक मार्केट विकसित किया जाएगा। इसके लिए निगम ने करीब ढाई एकड़ जमीन चिन्हित कर आरक्षित कर ली है, जहां आधुनिक सुविधाओं से लैस बिजनेस पार्क के तर्ज पर यह बाजार तैयार होगा।

इस प्रोजेक्ट के लिए निगम म्युनिसिपल बॉन्ड के जरिए 100 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है, जिसकी अनुमति नगरीय प्रशासन से मिल चुकी है। निगम अधिकारियों के मुताबिक योजना का मकसद न सिर्फ व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान देना है, बल्कि शहर के भीतर एमजी रोड, गुरुनानक चौक, शारदा चौक, स्टेशन रोड, जयस्तंभ चौक और मौदहापारा जैसे इलाकों में रोजाना लगने वाले जाम से भी राहत दिलाना है।

वर्तमान में 150 से अधिक दुकानदार

एमजी रोड पर 100 से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक दुकानों के कारण थोक और रिटेल खरीदारी के चलते दिनभर भारी भीड़ रहती है, जिससे हजारों वाहन प्रभावित होते हैं। अनुमान है कि इस बाजार की शिफ्टिंग से रोजाना करीब तीन लाख लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकती है। लंबे समय से उठ रही शिफ्टिंग की मांग के बाद अब यह योजना जमीन पर उतरने की दिशा में बढ़ रही है, जिससे शहर के ट्रैफिक सिस्टम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

शंकर नगर में कमर्शियल हब, डूमरतराई में इलेक्ट्रॉनिक हब के निर्माण को लेकर निगम ने योजना बनाई है। इससे व्यापारियों को सुविधा मिलेगी,वहीं निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी। शहर के भीतर यातायात व्यवस्था में भी सुधार दिखेगा।
मीनल चौबे, महापौर, रायपुर

शंकर नगर में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और डुमरतराई में इलेक्ट्रॉनिक मार्केट के निर्माण के लिए म्युनिसिपल बांड के माध्यम से 100 करोड़ रुपए जुटाने की पहल सराहनीय है। इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, क्रिस्टल ऑर्केड, कमर्शियल हब और ट्रेड टॉवर जैसे प्रोजेक्ट्स निश्चित रूप से शहर में व्यापारिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव भी कम होगा।
सतीश थौरानी, अध्यक्ष, छग चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज