6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG Weather News:रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी-बारिश, 4 डिग्री गिरा पारा, उमस भरी गर्मी से राहत

CG Weather News: प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री कम हो गया है। अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान सामान्य से कम होने का मतलब ये है कि दिन व रात में गर्मी से राहत है।

2 min read
Google source verification
CG Weather News: रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी-बारिश, 4 डिग्री गिरा पारा, उमस भरी गर्मी से राहत

रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी-बारिश (photo AI)

CG Weather News: पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में मंगलवार को आंधी-तूफान के साथ कई जिलों में तेज बारिश हुई। राजधानी में भी शाम को अंधड़ के साथ पानी गिरा। दिनभर बादल छाए रहे इसलिए प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में पारा 2 से 4 डिग्री तक लुढ़क गया। प्रदेशभर में अगले दो दिनों तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी। वहीं बस्तर संभाग में 5 दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। एक पश्चिमी विक्षोभ व ऊपरी हवा का चक्रवात कश्मीर व उसके आसपास 3.1 किमी की ऊंचाई पर स्थित है।

इसके असर से प्रदेश में मंगलवार को भीषण गर्मी से बड़ी राहत रही। चिलचिलाती धूप झेल रहे लोगों को बारिश ने भी राहत दी। शाम 6 बजे तेज हवा शुरू हुई। इसके बाद पानी गिरना शुरू हुआ, जो रात 8 बजे के बाद भी जारी रहा। दोपहर में बादल के कारण रायपुर का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। हालांकि यह प्रदेश का सबसे ज्यादा तापमान रहा।

बादल छाने के बाद भी राजधानी सबसे ज्यादा तपी। वहीं न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री रहा, जो सामान्य है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री कम हो गया है। अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान सामान्य से कम होने का मतलब ये है कि दिन व रात में गर्मी से राहत है। अगले दो दिन ऐसी ही राहत रहेगी।

अंबिकापुर व नानगुर में झमाझम बारिश

पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर, नानगुर, जनकपुर, भरतपुर व केल्हारी में झमाझम बारिश हुई है। वहां 3-3 सेमी पानी बरस गया। लैलूंगा, मनोरा, कापू, कोटाडोल, मुकडेगा में 2-2, जशपुर व कुनकुरी में एक-एक सेमी बारिश रिकार्ड की गई। शाम को बिलासपुर, चारामा, धमतरी, बेमेतरा गुरुर, राजनांदगांव, रायगढ़ समेत कई इलाकों में बारिश हुई। चारामा में तो बारिश के कारण नेशनल हाईवे पर पानी भरने की खबर है।

सब्जी व धान की फसल को नुकसान

बेमौसम बारिश से सब्जी व धान की फसल को नुकसान होने की संभावना है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार सब्जी की फसल गिरेगी। खासकर टमाटर को नुकसान होगा। रबी में बोए गए धान के पौधे गिर सकते हैं। सब्जियों में कीट पतंगे लग सकते हैं। इंदिरा गांधी कृषिवि के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. केके साहू के अनुसार बेमौसम बारिश हमेशा फसलों के लिए नुकसानदायक रहता है। हां, इतना जरूर है कि इससे गर्मी से राहत मिलती है। पेड़-पौधों में जमी धूल बारिश से बह जाती है।

पेड़ गिरने से कई इलाकों में बिजली गुल

तेज हवा से प्रदेश के कई इलाकों में पेड़ गिरे हैं। इससे बिजली के पोल या तार टूट गए हैं। रायपुर के कई इलाकों में भी बिजली गुल हुई है। इससे लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा। बिजली विभाग में कई शिकायतों के बावजूद लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। हेल्पलाइन नंबर व्यस्त बताता रहा। कई लोगों ने मोर बिजली एप पर जाकर बिजली बंद होने की शिकायतें की हैं।
….

प्रमुख स्थानों का तापमान

रायपुर 38.6 27.1
माना 38.5 26.2

बिलासपुर 36.3 25.4
अंबिकापुर 32.7 17.5

पेंड्रारोड 34.2 21.2
जगदलपुर 35.8 21.8