14 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छत्तीसगढ़ में उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी, दिन में बाहर निकलना मुश्किल, लू का खतरा

Chhattisgarh heat wave: उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है। अगले दो दिनों में पारा 2 डिग्री तक और चढ़ने तथा मध्य क्षेत्रों में लू जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।

2 min read
Google source verification
छत्तीसगढ़ में उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी, दिन में बाहर निकलना मुश्किल, लू का खतरा(photo-patrika)

छत्तीसगढ़ में उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी, दिन में बाहर निकलना मुश्किल, लू का खतरा(photo-patrika)

CG Heat Wave Alert: छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अब रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ा दिया है। पिछले दो दिनों से खासकर मध्य क्षेत्र में इसका असर स्पष्ट दिख रहा है, जिससे दिन के समय घरों में बिना कूलर और एसी के रहना मुश्किल होता जा रहा है। रायपुर और दुर्ग संभाग में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है, जहां पारा लगातार ऊपर चढ़ रहा है।

CG Weather Update: राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर में राहत

सोमवार को प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने रायपुर को पीछे छोड़ दिया। वहीं, न्यूनतम तापमान के मामले में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम तंत्र सक्रिय, लेकिन बारिश के आसार नहीं

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, उत्तर-पूर्व बिहार और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 किमी ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक फैली हुई है, जबकि उत्तर-दक्षिण द्रोणिका उत्तर-पूर्व बिहार से दक्षिण तमिलनाडु तक छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रही है। हालांकि, इन मौसम प्रणालियों के बावजूद प्रदेश में फिलहाल बारिश के संकेत नहीं हैं, और शुष्क मौसम बना रहने की संभावना है।

दो दिनों में और बढ़ेगा तापमान, हीट वेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के कारण अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। बस्तर संभाग को छोड़कर अधिकांश जिलों में इसका असर देखा जाएगा।
15 अप्रैल से प्रदेश के मध्य हिस्सों में लू (हीट वेव) चलने या लू जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

राजधानी रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह

बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी गई है, ताकि लू से बचाव किया जा सके।

आने वाले दिनों में सतर्क रहने की जरूरत

प्रदेश में बढ़ती गर्मी और संभावित लू को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर चेतावनी जारी की जाएगी।