
रील्स के जुनून में मौत से खेल रहे के युवा (Photo Patrika)
Raipur News: ताबीर हुसैन। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत अब युवाओं के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में खतरनाक जगहों पर स्टंट और रील्स बनाने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। हाल ही में बालोद जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कोकान पहाड़ी में एक युवक ऊंची चट्टान पर चढक़र फोटो और रील शूट कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरी ढलान में जा गिरा। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस और प्रशासन भी लगातार चेतावनी दे रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल जागरुकता और काउंसलिंग कार्यक्रम चलाए जाने चाहिए। अभिभावकों को भी बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखनी होगी।
बलौदाबाजार के धस्कुंड वॉटरफॉल में इंस्टाग्राम रील बनाने के दौरान एक युवक ने ऊंची चट्टान से पानी में छलांग लगा दी। संतुलन बिगडऩे से वह चट्टानों से टकराया, उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश होकर पानी में गिर पड़ा। साथियों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
कोरबा जिले में 24 वर्षीय यूट्यूबर स्पोर्ट्स बाइक पर स्टंट रील बना रहा था। तेज रफ्तार के कारण बर्मपुर बायपास पर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में मोनिश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका दोस्त घायल हो गया। परिजनों के मुताबिक उसने महंगी स्पोर्ट्स बाइक भी रील्स बनाने के शौक में खरीदी थी।
सोशल मीडिया पर लोकप्रिय दिखने और दूसरों से बेहतर नजर आने की मानसिकता युवाओं को अनावश्यक जोखिम उठाने के लिए प्रेरित कर रही है। उनका कहना है कि असली खुशी और पहचान रील्स में नहीं, बल्कि सुरक्षित और संतुलित जीवन में है।
शकुंतला दुल्हानी, मनोवैज्ञानिक
Updated on:
14 Jul 2026 06:26 pm
Published on:
14 Jul 2026 06:24 pm
