
अनियंत्रित होकर पलटी ट्रक (Photo Patrika)
Truck Accident: बेमेतरा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गर्रा में बीती मध्य रात्रि एक भीषण सडक़ हादसा हुआ। पंजाब से ट्रांसपोर्ट का सामान भरकर बिलासपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकरा गया और सडक़ किनारे पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक के हेल्पर 29 वर्षीय करण सिंह उर्फ छोटू की ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक राजदीप सिंह सुरक्षित बच गया
हादसे के कारणों का खुलासा करते हुए ट्रक चालक राजदीप सिंह ने बताया कि रात करीब 2 बजे जब वे गर्रा गांव के पास पहुंचे, तो अचानक एक गाय सडक़ के बीचों-बीच आ गई। बेकाबू रफ्तार में चल रहे ट्रक को जब चालक ने गाय को बचाने के लिए मोडऩे का प्रयास किया तो सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम रात में ही मौके पर पहुंची। ट्रक के भारी मलबे में फंसे मृतक के शव को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 3 बजे शव को बाहर निकाला जा सका।
फिलहाल, सिटी कोतवाली पुलिस ने मृतक करण सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मर्ग कायम कर पूरे मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी है। सूचना के बाद मृतक के परिजन पहुंच चुके है। पीएम कराने के बाद मंगलवार को शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है। बिजली विभाग को भी क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की जानकारी दे दी गई है ताकि क्षेत्र की बाधित बिजली आपूर्ति को बहाल किया जा सके। यह घटना एक बार फिर सडक़ पर आवारा पशुओं की समस्या और रात के समय तेज रफ्तार के खतरों को उजागर करती है, जो आए दिन मासूम लोगों की जान ले रहे हैं।
हादसे के दौरान एक ओर जहां प्रशासनिक अमला बचाव कार्य में जुटा था, वहीं दूसरी ओर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना भी सामने आई। ट्रक चालक ने आरोप लगाया है कि हादसे के तुरंत बाद मदद करने के बजाय कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक में भरी ट्रांसपोर्ट सामग्री की लूटपाट शुरू कर दी। सडक़ पर बिखरे हुए सामान को लोग अपनी सुविधा अनुसार समेटकर भागते हुए देखे गए। एक तरफ एक युवक की जान जा चुकी थी और दूसरी तरफ लोग सामान बटोरने में लगे थे, जिसने वहां मौजूद संजीदा लोगों को झकझोर कर रख दिया।
Updated on:
13 May 2026 03:55 pm
Published on:
13 May 2026 03:54 pm
बड़ी खबरें
View Allबेमेतरा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
