
Mahatari Vandan Yojana
Mahatari Vandan Yojana: साय सरकार की फ्लैगशिप योजना महतारी वंदन योजना में फिल्म अभिनेत्री सनी लियोन के नाम पर फर्जी हितग्राही बन लाभ लेने का खुलासा होने पर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने साय सरकार पर जमकर सियासी हमला होगा। वहीं भाजपा बचाव की मुद्रा में आकर कांग्रेस सरकार में हुए घोटालों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। हालांकि सरकार ने मामले का खुलासा होने के बाद संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों पर प्रशासनिक कार्रवाई कर दी है। एक को कारण बताओ नोटिस किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, महतारी वंदन योजना में पहले दिन से ही भ्रष्टाचार किया जा रहा है। महतारी वंदन योजना में फिल्म अभिनेत्री सनी लियोन के नाम से पिछले 10 माह से भुगतान किया जाना इस योजना की असली हकीकत को बताता है। सनी लियोन के नाम के सिर्फ एक प्रकरण का खुलासा हुआ है, हकीकत में पूरे प्रदेश में लाखों महिलाओं के नाम से प्रतिमाह फर्जी तरीके से राशि निकाल कर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। महतारी वंदन योजना भाजपा सरकार के सुनियोजित भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण है। हर माह 450 करोड़ का घोटाला इस योजना में किया जा रहा है।
नाम किसी का, एकाउंट किसी का 10 माह से अनवरत भुगतान बिना सुनियोजित षड़यंत्र और उच्चस्तरीय संरक्षण के संभव नहीं है। उन्होंने कहा, जिन 70 लाख महिलाओं को सरकार ने पात्र बताया है उन सभी के खाते में भी पैसा नहीं जा रहा है। सरकार घोषित 70 लाख में से 25 लाख महिलाओं के खाते में पैसे डाल रही है। 45 लाख महिलाओं के खाते में पैसे नहीं जा रहे मतलब 45 लाख महिलाओं के नाम पर गलत लोग भुगतान प्राप्त कर रहे। साय सरकार महतारी वंदन योजना में छल कपट खेल बंद करें।
कांग्रेस के आरोप के बाद भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता ने कहा,बस्तर में एक फिल्मी हीरोइन के नाम से महतारी वंदन की राशि जमा होने का मामला उजागर होने के बाद प्रदेश की भाजपा सरकार ने आम आदमी की आवाज पर, समाचार पत्रों की आवाज पर कार्रवाई की, जबकि भूपेश बघेल के कार्यकाल में तो कांग्रेस की सरकार ने केवल भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को संरक्षण ही दिया। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी आज महतारी वंदन योजना को लेकर हाय-तौबा मचा रही है। लेकिन कांग्रेस को पता होना चाहिए कि यह विष्णुदेव साय सरकार का सुशासन है, जिसमें किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
चाहे वह मामला 1000 रुपए का ही क्यों न हो। महतारी वंदन योजना में जिन अपात्र लोगों के खाते में पैसा जाता था, उसके एक मामले से जुड़े दोषी को पकड़ लिया गया है और ऐसे मामलों की पतासाजी भी करेगी। गुप्ता ने कहा, कांग्रेस सरकार में तत्कालीन मंत्री टीएस सिंहदेव ने तत्कालीन मुख्यमंत्री बघेल को पत्र लिखा कि हम गरीबों का आवास नहीं दे पा रहे हैं। इसलिए अपने विभाग से सिंहदेव ने इस्तीफा भी दे दिया क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उस योजना में प्रधानमंत्री शब्द जुड़ा होने के कारण आवास देने से मना कर दिया और अपने पंचायतमंत्री का इस्तीफा ले लिया।
Updated on:
24 Dec 2024 10:05 am
Published on:
24 Dec 2024 10:03 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
