
मंडाविया बोले - कांग्रेस के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं अफसर, तो CM बघेल ने कहा - ये अधिकारियों-कर्मचारियों को डराने की कोशिश
रायपुर। CG Election 2023 : छत्तीसगढ़ में चुनावी दौर में आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के प्रदेश चुनाव सह प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने राज्य शासन के अफसरों पर चुनाव में कांग्रेस के एजेंट की तरह काम करने का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में लिखित शिकायत की है। इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर अधिकारियाें-कर्मचारियों को डराने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के बाद डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा, विधानसभा चुनाव में हर क्षेत्र से शिकायत मिल रही है। कांग्रेस प्रशासनिक अधिकारियों के जरिए सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। जगह-जगह अधिकारी चुनाव को प्रभावित करने भय का माहौल बना रहे हैं। कांग्रेस के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। हमारे कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। इस दौरान सांसद सुनील सोनी, निर्वाचन समिति के संयोजक विजय शंकर मिश्रा, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी अनुराग अग्रवाल मौजूद थे।
आचार संहिता का उल्लंघन, कार्यकर्ताओं को कर रहे प्रताडि़त
मंडाविया का आरोप है कि दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बीजापुर जैसे विधानसभा क्षेत्र में खुलेआम आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा है। भाजपा की प्रचार सामग्री, पार्टी का झंडा लेकर जाने वाली गाड़ियों को रोक रहे हैं। भाजपा का प्रचार करने वाले और भाजपा के कार्यकर्ता अपने घर में झंडा लगाते हैं तो उनको प्रताड़ित किया जा रहा है। भाजपा नेताओं- कार्यकर्ताओं को डराने के लिए उनकी हत्याएं हो रही हैं। हत्या करने वाले सार्वजनिक तौर पर चैलेंज भी करते हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है।
यह भी पढ़ें : स्कूलों की मनमानी से बिगड़ा छात्रों की छुट्टी का मजा
मंडाविया ने हार मान ली है - सीएम
मंडाविया के आरोपों पर सीएम ने तंज कसते हुए कहा, मतलब अधिकारियों पर ईडी और आईटी का भी डर नहीं रहा। इतना डराने के बाद उनको लग रहा है कि हमारे पक्ष में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में अधिकारी जितना निष्पक्ष काम कर रहे हैं, उतना दूसरे प्रदेशों में नहीं हो रहा है। मंडाविया ने हार मान ली है, इसलिए अब कोशिश कर रहे हैं कि अधिकारियों और कर्मचारियों को डरा धमका कर कुछ बात बनाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा, जितने भी वोट कटवा प्रत्याशी हैं उन्हें खड़ा कराओ, कांग्रेस के वोट कटवाओ। फिर भी इन्हें सफलता नहीं मिलने वाली।
Published on:
29 Oct 2023 08:48 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
