ASP Akash Rao Giripunje: नक्सली हमले में एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के शहीद होने से पूरे परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। वे रायपुर के रहने वाले थे। उनकी खुशमिजाजी, मिलनसार और मुस्कुराता चेहरा लोगों को रुला गया। सोमवार सुबह उनके शहीद होने की सूचना मिलते ही शहर शोक में डूब गया। उनके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद से पत्नी और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बुजुर्ग मां-बाप भी सदमे में हैं। दोपहर बाद सुकमा से उनका शव रायपुर लाया गया। अंबेडकर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके घर ले जाया गया। शव देखकर मां, पत्नी और बच्चों के अलावा मोहल्ले वालों की आंखें भी नम हो गईं। पुलिस अधिकारियों के भी आंसू छलक आए।
उन्हें श्रद्धांजलि देने मुयमंत्री विष्णुदेव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा, सांसद सुनील सोनी आदि से लेकर स्थानीय नेता, पुलिस अफसर, कलेक्टर आदि उनके घर पहुंचे। देर रात तक श्रद्धांजलि देने वालों का आना-जाना लगा रहा। सभी ने घटना को दुखद बताते हुए उनके परिवार को सांत्वना दी। शहीद एएसपी आकाश काफी मिलनसार और खुशमिजाज थे। उनके आकस्मिक निधन से कई पुलिस अधिकारियों और पुलिस जवानों को गहरा दुख पहुंचा है।
शहीद आकाश राव वर्ष 2013 में सीधी भर्ती से डीएसपी बने थे। प्रशिक्षण के बाद रायपुर, कांकेर, राजनांदगांव के मोहला-मानपुर, दुर्ग, महासमुंद, सुकमा के कोंटा में एएसपी के तौर पर पदस्थ थे। नक्सल प्रभावित इलाकों में विशेष सेवा के लिए वर्ष 2019 में उन्हें राष्ट्रपति ने गैलेंट्री अवार्ड से समानित किया था।
महापौर मीनल चौबे राजधानी निवासी शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुंजे को श्रद्धांजलि देने सोमवार का उनके निवास पहुंची। महापौर ने उनकी शहादत को नमन करते हुए उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने समस्त राजधानीवासियों की ओर से विनम्र आदरांजलि अर्पित की। नक्सलियों के हमले में सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में एएसपी शहीद हो गए।
महापौर चौबे ने कहा कि एएसपी आकाश की ओर से मातृभूमि की सेवा करते हुए दी गई शहादत को युगों-युगों तक ससमान स्मरण किया जाएगा। नागरिकों को उनके साहस और वीरतापूर्ण कार्यों से सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणाशक्ति प्राप्त होती रहेगी। आकाश ना सिर्फ रायपुर शहर के बल्कि सपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के गौरव पुरुष हैं।
शहीद एएसपी आकाश अपने पीछे भरापूरा परिवार छोड़ गए। उनकी पत्नी स्नेहा, बेटा सिद्धांत(8), बेटी पीहू(6) के अलावा पिता गोविंद राव, माता मंदा राव हैं। स्कूल की छुट्टियों के चलते कुछ दिनों के लिए उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके में थी। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर बच्चों के साथ रायपुर पहुंचीं। पिता के शव देखने के बाद से बच्चों की आंख के आंसू नहीं थम रहे। बुजुर्ग माता-पिता भी बेटे की शहादत से सदमे में हैं।
शहीद एएसपी आकाश राव के शव को मंगलवार की सुबह 9 बजे माना बटालियन ले जाया जाएगा। उन्हें अंतिम सलामी दी जाएगी। इसके बाद महादेवघाट लाया जाएगा। यहां अंतिम संस्कार होगा।
Published on:
10 Jun 2025 11:21 am