5 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

New Medical College: नवा रायपुर को मिलेगी 100 सीटों वाले MBBS मेडिकल कॉलेज की सौगात, 300 बेड का अस्पताल भी बनेगा

MBBS Admission: नवा रायपुर में 100 सीटों वाले MBBS मेडिकल कॉलेज की स्थापना की तैयारी तेज हो गई है। आयुष विश्वविद्यालय ने शासन को प्रस्ताव भेजा है।
2 min read
Google source verification
New Medical College

नवा रायपुर को मिलेगी 100 सीटों वाले MBBS मेडिकल कॉलेज (Photo AI)

Nava Raipur Medical College: नवा राजधानी नवा रायपुर को जल्द ही आधुनिक मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात मिल सकती है। आयुष विश्वविद्यालय ने अपने परिसर में 100 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज शुरू करने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेज दिया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इसे राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। कॉलेज खोलने की स्वीकृति मिलने के बाद ही विवि प्रशासन ड्राइंग-डिजाइन तैयार करेगा।

सरकार की मंजूरी का इंतजार

इसके बाद कालेज निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विवि प्रशासन को फिलहाल शासन की मंजूरी का इंतजार है। जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए वित्त विभाग से मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अभी तक प्रशासनिक मंजूरी नहीं मिली है। इस कारण से विवि प्रशासन आगे की कार्यवाही नहीं कर पा रहा है। प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद कालेज खोलने की कवायद शुरू की जाएगी।

विवि खुद चलाएगा मेडिकल कॉलेज

विवि प्रशासन के अनुसार मेडिकल कॉलेज का संचालन आयुष विश्वविद्यालय परिसर से ही किया जाएगा। वहीं, मेडिकल कॉलेज से संबद्ध 300 बिस्तरों का अत्याधुनिक शिक्षण अस्पताल भी नवा रायपुर के समीप स्थापित किया जाएगा, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण क्लीनिकल प्रशिक्षण मिलने के साथ आम लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

यूजी के बाद पीजी भी शुरू करने की तैयारी

विवि के अधिकारियों के अनुसार मेडिकल कॉलेज खोलने के प्रस्ताव को शासन स्तर पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। स्वीकृति मिलने के बाद एनएमसी के मानकों के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एनएमसी की मंजूरी के बाद मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू करने का रास्ता साफ हो जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि पहले तो एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके बाद पीजी सीटों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद पीजी सीटों का संचालन भी किया जाएगा।

मेडिकल हब बनकर उभरेगा नवा रायपुर

माना जा रहा है कि इस परियोजना से नवा रायपुर मेडिकल एजुकेशन का नया केंद्र बनकर उभरेगा। इससे प्रदेश के छात्रों को मेडिकल शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे, वहीं राजधानी क्षेत्र में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार होगा।

आंबेडकर अस्पताल का लोड होगा कम

नवा रायपुर में मेडिकल कॉलेज खुलने से एक तो प्रदेश में एमबीबीएस की सीटों में वृद्धि होगी। साथ ही नवा रायपुर के रहवासियों के साथ धमतरी, कुरुद, अभनुपर, मंदिर हसौद, आरंग सहित आसपास के छोटे शहरों और ग्रामीणों से आने वाले मरीज पुराना रायपुर मेडिकल कॉलेज में न आकर नवा रायपुर में ही इलाज कराने आएंगे। इससे आंबेडकर अस्पताल में मरीजों का लोड भी कम होगा।

वर्जन

मेडिकल कॉलेज 100 सीटों वाला खोलने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कॉलेज विवि परिसर में ही संचालित करने का प्लान है। जबकि अस्पताल को शुरुआत में नवा रायपुर में या फिर आसपास के पेरीफेरी में संचालित अस्पताल को डेवलप किया जाएगा।

  • डॉ. दिनेश सिन्हा, रजिस्ट्रार, आयुष विश्वविद्यालय नवा रायपुर