
AIIMS रायपुर की तीसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत, CCTV जांच में जुटी पुलिस, सुरक्षा पर फिर उठे सवाल...(photo-patrika)
AIIMS Raipur: छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित AIIMS Raipur में तीसरी मंजिल से गिरने से एक मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान करण नायक बंजारा के रूप में हुई है, जो बी-ब्लॉक के बी4 वार्ड में भर्ती था। उसे रक्त संबंधी बीमारी के उपचार के लिए भर्ती किया गया था।
बताया गया है कि इलाज के दौरान वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। आनन-फानन में उसे संभालने की कोशिश की गई, लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सूचना मिलते ही अमानका पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वार्ड में मौजूद स्टाफ व अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि स्पष्ट हो सके कि मामला हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों पर स्थिति साफ होने की संभावना है।
राजधानी स्थित AIIMS Raipur में पहले भी संदिग्ध मौत और आत्महत्या के मामले सामने आ चुके हैं। वर्ष 2025 में 26 वर्षीय डॉक्टर ए. रवि, जो आंध्र प्रदेश के निवासी थे, ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले 9 दिसंबर 2021 को आंत के कैंसर से पीड़ित एक युवक ने दूसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी थी।
वहीं 3 जनवरी 2021 को सर्जरी विभाग में भर्ती एक कैंसर मरीज ने भी दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अस्पताल प्रबंधन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं, जबकि कीमती सामान चोरी होने की घटनाओं की भी चर्चा होती रही है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी विश्लेषण के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।
Published on:
20 Feb 2026 05:27 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
