
Patwari gets jail in case of more property than income
रायपुर . आय से अधिक मामले में गिरफ्तार रायपुर के पटवारी मिथिलेश पांडे को कोर्ट ने तगड़ा झटका दिया। कोर्ट ने पटवारी मिथिलेश पांडेय की जमानत याचिका को खारिज कर दिया। आरोपी पटवारी ने कोर्ट में जमानत के लिए आवेदन लगाया था। इससे पहले आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने वाले पटवारी को जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी के डर से वह फरार हो गया था। मुखबिर की सूचना पर उसे एंटीकरप्शन ब्यूरो की टीम ने सुंदर नगर स्थित घर में दबिश देकर गिरफ्तार किया।
इसके बाद आरोपी को विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम ) जितेन्द्र जैन की अदालत में पेश किया गया था। लोक अभियोजक योगेन्द्र ताम्रकार ने बताया कि 22 अप्रैल 2016 को आर्थिक अपराध अन्वेषण विंग (ईओडब्लू) और एसीबी की संयुक्त टीम ने डंगनिया के पटवारी मिथिलेश पांडेय के सुंदरनगर स्थित घर सहित अन्य ठिकानों पर छापामारा था। तलाशी में उसके पास 1 करोड़ 61 लाख रुपए की अनुपातहीन संपति मिली थी।
जांच के बाद 5 अगस्त 2017 को अदालत में चालान पेश किया गया था। लेकिन, वह सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हुआ। इसे देखते हुए कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसकी तामिली होते ही वह फरार हो गया था। शिनाख्त छिपाने के लिए आरोपी हुलिया बदलकर अपने दामाद के मठपुरैना स्थित घर में रहता था। देर रात को घर आने के बाद अल सुबह ही निकल जाता था।
छापे के दौरान अफसरों ने मिथिलेश पांडेय के खिलाफ कार्रवाई को किसी भी पटवारी के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई बताया था। अफसरों के मुताबिक छापे में पटवारी से जितनी भी संपत्ति मिली, वह क्लास-वन अफसरों से कहीं ज्यादा थी।
पकड़े जाने के डर से उसने अपना मोबाइल नंबर तक बदल लिया था। टीम को इसकी भनक तक नहीं मिल पा रही थी। इसे देखते हुए लगातार घर के आसपास निगाह रखी जा रही थी। अचानक सूचना मिलने के बाद टीम ने दबिश दी और उसे पकड़ लिया।
Published on:
15 Dec 2017 05:45 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
