
रायपुर में सुबह से गरज-चमक के साथ बारिश शुरू, (Photo Patrika)
Chhattisgarh Weather Update: रायपुर में आज शुक्रवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ले ली। शहर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
सुबह ठीक 7:45 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं और बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
वहीं 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेन्ड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री रहा। यह सामान्य है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। हालांकि उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। खासकर रात की उमस से कूलर भी काम नहीं कर रहा है। पिछले 24 घंटे में रायपुर में 2.2 मिमी पानी गिरा है।
जबकि भाटापारा, मैनपुर, मुकडेगा, कसडोल, गोबरा नवापारा, अमलीपदर, बास्तानार, लैलूंगा में 2-2 सेमी पानी बरस गया। लोहंडीगुड़ा, बड़े बचेली, बोदरी, तखतपुर, बेलगहना, बिल्हा, नगरी, लाभांडी, सकरी, देवभोग व दंतेवाड़ा में एक-एक सेमी बारिश रिकार्ड की गई। बारिश के कारण प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य या इससे कम है। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम है।
रायगढ़, कोरबा, जांजगीर चंपा, बलोदा बाजार, महासमुंद और जशपुर जिलों के कुछ स्थानों पर तेज हवाओं, बिजली और हल्की बारिश के साथ मध्यम गरज-चमक की संभावना है।
बिलासपुर, मुंगेली, अंबिकापुर, पेंद्रा रोड, कोरिया और सूरजपुर जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की गरज-चमक के साथ बारिश और सतही हवा (30-40 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है।
Updated on:
15 May 2026 08:52 am
Published on:
15 May 2026 08:34 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
