
दो सालियों की हत्या के बाद आरोपी ने मचाया आतंक, CCTV में कैद वारदात, मेडिकल स्टोर में घुसकर की फायरिंग(photo-patrika)
Double Murder Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुए चर्चित डबल मर्डर केस में एक और सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। दो सालियों की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी जितेंद्र वर्मा ने वारदात के बाद इलाके में जमकर उत्पात मचाया था। अब घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी मेडिकल स्टोर में घुसकर संचालक पर पिस्टल तानते और फायरिंग करते दिखाई दे रहा है। यह पूरा मामला मोवा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार आरोपी जितेंद्र वर्मा की शादी वर्ष 2020 में ज्योति वर्मा उर्फ खिलेश्वरी से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद के बाद पत्नी पिछले 20 से 25 दिनों से अपने मायके में रह रही थी। 5 मई की रात करीब 10:30 बजे आरोपी अपने ससुराल पहुंचा और पत्नी व बच्चों से मिलने की बात कहने लगा। इसी दौरान उसकी साली गितांजली उर्फ जया ने उसे सुबह आने की बात कही, जिससे वह भड़क गया।
बताया जा रहा है कि बात बढ़ने पर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और गितांजली पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी बीच दूसरी साली दुर्गेश्वरी बाहर आई तो आरोपी ने उस पर भी फायरिंग कर दी। दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
डबल मर्डर की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली है।
अब इस मामले में एक नया वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी पास के एक मेडिकल स्टोर में जा पहुंचा। वहां उसने संचालक पर पिस्टल तान दी और फायरिंग कर दी। हालांकि इस हमले में मेडिकल स्टोर संचालक बाल-बाल बच गया। घटना के दौरान दुकान में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागते नजर आए।
मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में आरोपी बेहद आक्रामक दिखाई दे रहा है। वह दुकान में घुसते ही पिस्टल निकालता है और फायरिंग करता नजर आ रहा है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के व्यवहार और वारदात के पीछे की पूरी मानसिक स्थिति की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना पूरी तरह पूर्व नियोजित थी या गुस्से में उठाया गया कदम।
इस डबल मर्डर और फायरिंग की घटना के बाद मोवा इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग घटना को लेकर हैरान हैं और आरोपी के व्यवहार को बेहद खतरनाक बता रहे हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आने वाले दिनों में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर और भी खुलासे कर सकती है।
Updated on:
07 May 2026 04:52 pm
Published on:
07 May 2026 04:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
