12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Raipur Breaking: रायपुर के PNB बैंक में लगी भीषण आग, दमकल ने समय रहते पाया काबू

Raipur Fire News: रायपुर के बुढ़ापारा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पा लिया।
2 min read
Google source verification
Raipur Breaking

Raipur Breaking: रायपुर के PNB बैंक में लगी भीषण आग(photo-patrika)

Raipur Breaking: छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के बुढ़ापारा चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में रविवार को अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। बैंक से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। चूंकि बैंक घनी रिहायशी बस्ती के बीच स्थित है, इसलिए लोगों को आग के आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने का डर सताने लगा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम दो फायर ब्रिगेड वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया।

Raipur Fire Breaking: बैंक परिसर से उठा धुआं, लोगों ने दी सूचना

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले बैंक परिसर से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में बैंक के अंदर आग फैलने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

घनी आबादी होने से लोगों में बढ़ी चिंता

बुढ़ापारा चौक का इलाका घनी आबादी वाला माना जाता है। बैंक के आसपास कई मकान, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान मौजूद हैं। ऐसे में आग की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया। लोगों को आशंका थी कि यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो आसपास की इमारतें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। हालांकि दमकल विभाग की सक्रियता के कारण आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।

नुकसान का किया जा रहा आकलन

आग बुझने के बाद बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने शाखा के अंदर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि आग से बैंक के दस्तावेज, कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य सामग्री को कितना नुकसान हुआ है। बैंक प्रबंधन नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटा है।घटना की सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधक भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।

शॉर्ट सर्किट समेत कई पहलुओं की जांच

घटना के बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसीपी दीपक मिश्रा और थाना प्रभारी सतीश सिंह गहरवार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और बैंक प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

दमकल की सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और अब किसी प्रकार का खतरा नहीं है। पुलिस ने भी एहतियात के तौर पर आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। इस घटना से कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल जरूर बना, लेकिन राहत एवं बचाव दल की तत्परता के कारण एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है, जिससे आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की पूरी तस्वीर सामने आएगी।