23 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज! बस्तर में बारिश-बिजली के आसार, रायपुर में छाए रहेंगे बादल

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के मौसम में जल्द बदलाव देखने मिलेगा। प्रदेश में लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सर्क्युलेशन के असर से बादल सक्रिय हो गए हैं।

2 min read
Google source verification
छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज! बस्तर में बारिश-बिजली के आसार, रायपुर में छाए रहेंगे बादल(photo-patrika)

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज! बस्तर में बारिश-बिजली के आसार, रायपुर में छाए रहेंगे बादल(photo-patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के मौसम में जल्द बदलाव देखने मिलेगा। प्रदेश में लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सर्क्युलेशन के असर से बादल सक्रिय हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 23 फरवरी को खासकर बस्तर संभाग में हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।

CG Weather Update: लो प्रेशर एरिया का असर

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। यह तंत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए फिर उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ सकता है। इसके अलावा एक द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से दक्षिण मध्य महाराष्ट्र तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है, जिससे प्रदेश के मौसम पर प्रभाव पड़ रहा है।

बस्तर संभाग में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 23 फरवरी को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। वर्षा का मुख्य क्षेत्र बस्तर संभाग के जिले रहेंगे। बादलों की गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है, जिसे लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दो दिन बाद बढ़ेगी ठंड

मौसम तंत्र के प्रभाव से 24 फरवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो सकता है। अगले दो दिनों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है। हालांकि अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। रविवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई।

रायपुर में बादल छाए रहेंगे

राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम में हो रहे इस बदलाव के बीच नागरिकों को गरज-चमक और संभावित आकाशीय बिजली से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।