
सीवरेज टैंक में दम घुटने से 3 सफाई कर्मियों की मौत, पूर्व CM भूपेश बघेल बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं...(photo-patrika)
Ramkrishna Care Hospital Incident: छत्तीसगढ़ के रायपुर में रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान तीन सफाई कर्मियों की दर्दनाक मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। जहरीली गैस की चपेट में आने से हुई इस घटना पर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे गंभीर मामला बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को पचपेड़ी नाका स्थित अस्पताल में सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान तीन मजदूर अंदर उतरे थे। इसी दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है, जो सिमरन सिटी के निवासी थे।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि सफाई के नाम पर किसी व्यक्ति की मौत होना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि चाहे अस्पताल प्रबंधन हो या काम कराने वाली एजेंसी, दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस के साथ झूमाझटकी भी हुई। देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि मृतक मजदूर एक कॉन्ट्रैक्ट एजेंसी के तहत काम कर रहे थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जिम्मेदारियों को तय करने की प्रक्रिया चल रही है।
इस घटना के बीच भूपेश बघेल पार्टी मीटिंग के लिए दिल्ली रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने असम में कांग्रेस उपाध्यक्ष नव ज्योति तालुकदार के इस्तीफे पर कहा कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस नेताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है।
नक्सल आत्मसमर्पण के मुद्दे पर बघेल ने कहा कि जो लोग मुख्यधारा में लौट रहे हैं, उन्हें सामान्य जीवन जीने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे लोगों को बेहतर माहौल और अवसर देने चाहिए ताकि वे समाज में सम्मानजनक जीवन जी सकें।
घटना के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला सुरक्षा मानकों की अनदेखी से जुड़ा माना जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच के बाद किन पर जिम्मेदारी तय होती है और क्या कार्रवाई की जाती है।
Updated on:
18 Mar 2026 04:00 pm
Published on:
18 Mar 2026 03:59 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
