24 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीजेपी नेताओं पर सरकारी डॉक्टर से अभद्रता और धमकी का आरोप, राजगढ़ एसपी तक पहुंचा मामला

Doctor BJP Leaders Dispute Video:जिला अस्पताल के केबिन में सरकारी डॉक्टर और बीजेपी के पूर्व विधायक समेत भाजपा नेताओं के बीच विवाद का वीडियो, 'मैं इस्तीफा दे दूंगा...' चिल्लाते हुए केबिन से निकले सरकारी डॉक्टर।
2 min read
Google source verification
rajgarh

doctor bjp leaders dispute hospital viral video, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, BJYM जिला अध्यक्ष केपी पंवार और भाजपा नेता श्याम गुर्जर (SOURCE-PATRIKA)

राजेश विश्वकर्मा
Rajgarh Doctor BJP Leaders Dispute : मध्यप्रदेश के राजगढ़ में जिला अस्पताल के ओटी कॉम्प्लेक्स में सर्जन डॉ. अंकुर देशवाली और भाजपा नेताओं के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बीजेपी के पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष केपी पंवार और भाजपा नेता श्याम गुर्जर जिला अस्पताल में विशेष ड्यूटी पर आए डॉ. अंकुर देशवाली के केबिन में नजर आ रहे हैं और बहसबाजी होती सुनाई दे रही है। इतना ही नहीं कुछ ही देर में डॉ. देशवाली गुस्से में चिल्लाते हुए केबिन से बाहर निकल रहे हैं और कह रहे हैं कि मैं इस्तीफा दे दूंगा।

बीजेपी नेताओं पर डॉक्टर से अभद्रता का आरोप

सिविल अस्पताल सारंगपुर में पदस्थ सर्जिकल विशेषज्ञ डॉ. अंकुर देशवाली इन दिनों जिला अस्पताल राजगढ़ में विशेष ड्यूटी पर हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष केपी पंवार और भाजपा नेता श्याम गुर्जर पर अभद्र व्यवहार, धमकी देने, अस्पताल के संवेदनशील क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। वहीं, भाजपा नेताओं ने भी पुलिस अधीक्षक को शिकायत की है।

देखें वीडियो-

एसपी के पास पहुंची शिकायत

शिकायत के अनुसार डॉ. देशवाली ट्रॉमा सेंटर और ओटी कॉम्प्लेक्स में मरीजों के उपचार में व्यस्त थे। इसी दौरान कुछ लोग उनसे एक मरीज को लेकर चर्चा करने पहुंचे। डॉक्टर का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और बाद में संबंधित लोग ओटी कॉम्प्लेक्स तक पहुंच गए, जहां अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें धमकियां दी गईं। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि इस दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉ. देशवाली ने पूरे मामले में एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई और जिला अस्पताल के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि वे लोग चाह रहे थे कि अस्पताल परिसर में ही उनका इलाज हम कर दें, लेकिन मैंने इनकार किया तो ऐसी स्थिति बन गई।

'मैं इस्तीफा दे दूंगा, शिकायत करूंगा'

सोशल मीडिया पर जिला अस्पताल में हुई इस कहासुनी और विवाद की घटना का एक वायरल हो रहा है। जिसमें दिख रहा है कि डॉक्टर के केबिन के बाहर मरीज लाइन में लगे हुए हैं। इस बीच पूर्व विधायक और केपी पंवार, श्याम गुर्जर पहुंचे। उनकी आवाजें आ रही हैं, तेज आवाज के बीच अचानक से खींचतान होने लगी। इस बीच भीड़ के बीच में डॉ. देशवाली निकलते नजर आ रहे हैं। केबिन से निकलते हुए डॉ. देशवाली कह रहे हैं कि मैं इस्तीफा दे दूंगा, शिकायत करूंगा, बताता हूं आप लोगों को। इस बीच श्याम गुर्जर कह रहे हैं कि यहीं रुक न यहीं बता न कहां बताएगा? 34 सेकेंड के वीडियो में डॉक्टर और भाजपा नेताओं के बीच झूमाझटकी, कहासुनी नजर आ रही है।

पूर्व विधायक ने आरोपों से किया इनकार
मामले में पत्रिका ने पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा से बात की। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका स्वभाव ऐसा नहीं है कि वे किसी से अभद्रता करें। उन्होंने बताया कि उनके परिचित इंदर सिंह के घुटने का ऑपरेशन होना था और अच्छे डॉक्टर होने के कारण वे केवल निवेदन करने अस्पताल गए थे। पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा के अनुसार, उनकी ओर से कोई विवाद या हंगामा नहीं हुआ, बल्कि डॉक्टर का व्यवहार अपेक्षित मर्यादा के अनुरूप नहीं था। वहीं, भाजयुमो जिलाध्यक्ष केपी पंवार और भाजपा नेता श्याम गुर्जर ने भी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि डॉक्टर ने जनप्रतिनिधियों और मरीज पक्ष के साथ असम्मानजनक व्यवहार किया है।