
लड़की पर ज्यादा करते थे भरोसा, नशीला पदार्थ खिलाकर जेवर सहित एक करोड़ चुराए
राजगढ़। जिले के पचोर में मंगलवार रात एक नामी व्यापारी के यहां बड़ी वारदात हो गई। सोने की ज्वैलरी सहित करीब एक करोड़ रुपए का सामान व कुछ नकदी वहीं काम करने वाले नेपाल की केयर टेकर चुरा ले गई। पुलिस के अनुसार, श्रीराम गोयल (62) निवासी पचोर के मकान में वारदात हुई। परिजनों को सुबह श्रीराम, उनकी पत्नी सुषमा (60), बेटी कुशांगी गोयल (30) और उसकी डेढ़ साल की बेटी बेहोशी की हालत में मिले। दोपहर बाद भी उन्हें ढंग से होश नहीं आ पाया। श्रीराम की दिल्ली में रहने वाली बेटी कुशांगी की डेढ़ साल की बच्ची के लिए केयर टेकर दिल्ली से ही हायर किया था। उसका नाम अनुष्का बताया गया था, जिसे दिल्ली की ही एक मेट सर्विस कंसलटेंसी से हायर किया गया था। करीब महीनेभर पहले से वह पचोर में आई।
बीती रात को करीब 8 बजे बाद उसने घर में रहने वाले सभी लोगों के खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया और घर में रखे करीब दो लाख रुपए नकदी और हाल ही में शादी की ज्वैलरी चुरा ली। परिजनों का आरोप है कि वह अकेली यह नहीं कर सकती किसी गैंग ने सहयोग किया और यह पूर्व नियोजित साजिश है। कुल एक करोड़ रुपए का सामान चोरी जाने का अनुमान है। घटना के बाद एसपी प्रदीप शर्मा, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड भी पहुंचे और जांच की।
कुछ दिन पहले थी शादी
गोयल परिवार में कुछ दिन पहले ही श्रीराम के बेटे की शादी थी जो कि पत्नी के साथ उदयपुर गया हुआ है। इस शादी समारोह में आने-जाने वालों और घर में रखे पूरे सामान की जानकारी केयर टेकर को थी। इस दौरान ज्वैलरी और नकदी पर नेपाली लड़की ने हाथ साफ किया। दिल्ली की कंसलटेंसी से हायर करने के बाद लड़की का वेतन 15 हजार रुपए था।
सुबह घर के सभी सदस्य मिले बेहोश
व्यापारी के मित्र राजेंद्रसिंह जाट ने बताया कि हम साथ में ही घूमने जाते हैं। मंगलवार 7:40 बजे मैंने उन्हें घर छोड़ा, रात में उन्होंने खाना खाया और खाने के बाद उन्हें चक्कर आने लगे। सुबह जब नौकर देवीसिंह घर पहुंचा तो सामान बिखरे मिले और सभी सदस्य बेहोशी की हालत में थे। पीडि़त परिसर के बेटे और बेटी नौकर को घर पर सुबह नौ बजे तक सोते हुए मिले। उन्होंने परिजनों को सूचित किया, तब जाकर पुलिस व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। संभवत: घर पहुंचने के बाद उसने खाने में कुछ मिलाकर उन्हें खिला दिया और इसके बाद लड़की ने अपने अन्य सहयोगियों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया।
आधार फर्जी होने की आशंका
पचोर पुलिस का कहना है कि लड़की का नाम वैसे अनुष्का बताया जा रहा है, लेकिन जो उसका आधार कार्ड मिला है उस पर नाम कुशलता लिखा है। आधार कार्ड भी संदेहास्पद लग रहा है, उसमें भी जानकारी पूरी नहीं दी गई है। साथ ही अस्पष्ट जानकारी उसमें है, उसमें पते पर भी केयर ऑफ लिखा है। इससे संदेह की स्थिति बन रही। उनके परिचत राजेंद कहना है कि उक्त लड़की पर पूरा परिवार बहुत भरोसा करता था। कौनसी चाबी कहां रहती है सब उसको पता था। यहां तक कि किसी प्रकार का लिफाफा या रुपए भी रखने के लिए उसे ही दिए जाते थे।
इतने बड़े मकान में सीसीटीवी नहीं
पुलिस ने पूरे घर की तफ्तीश की, इधर-उधर देखा, लेकिन जगह-जगह सामान बिखरा था। खास बात यह है कि इतने बड़े मकान और नगर के नामी व्यापारी होने के बावजूद घर में एक भी सीसीटीवी नहीं लगा। पुलिस का कहना है कि मकान के आस-पास भी सीसीटीवी नहीं लगे हैं। साथ ही नेपाल की लड़की को केयर टेकर के तौर पर रखने की जानकारी भी थाने में नहीं दी गई थी। कंसलटेंसी से लाने के बाद ही उसे सीधा रख लिया था।
चोरी और जहरखुरानी का प्रकरण दर्ज
राशि का आकलन फिलहाल हम लोग नहीं कर पाए हैं, लेकिन काफी मात्रा में ज्वैलरी और कैश ले जाना बताया जा रहा है। लड़की वहीं काम करती थी तो वह नौकरानी हुई। इस आधार पर चोरी की धारा-381 और जहरखुरानी का धारा-328 के तहत मामला दर्ज किया है।
डीपी लोहिया, टीआई, पचौर
Published on:
16 Jul 2020 03:23 pm
बड़ी खबरें
View Allराजगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
