
CG Board News: 5वीं-8वीं के रिजल्ट पर लगा ब्रेक, सुधार के लिए वापस भेजी गई मार्कशीट, जानें वजह(photo-patrika)
CG Board News: छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद जहां छात्रों और अभिभावकों की नजरें 5वीं और 8वीं के रिजल्ट पर टिकी थीं, वहीं अब इन कक्षाओं की अंकसूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आने से पूरी प्रक्रिया पर विराम लग गया है। अप्रैल के अंत तक परिणाम जारी होने की उम्मीद थी, लेकिन तकनीकी त्रुटियों के चलते अब मार्कशीट को सुधार के लिए वापस जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अंकसूची में हुई गड़बड़ी प्रिंटिंग के दौरान सामने आई है। छात्रों के विभिन्न विषयों में प्राप्तांक गलत दर्ज किए गए हैं, वहीं कई अन्य अहम जानकारियों में भी त्रुटियां पाई गई हैं। इससे रिजल्ट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
अंकसूचियों में केवल अंक ही नहीं, बल्कि स्कूल और क्षेत्र का नाम, ग्रेडिंग सिस्टम और छात्रों की जन्मतिथि जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों में भी गड़बड़ी मिली है। डोंगरगांव का नाम तक गलत प्रिंट होने की बात सामने आई है, जिससे प्रशासनिक लापरवाही उजागर हो रही है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उनकी ओर से सभी डेटा समय पर और सही तरीके से भेजा गया था। गड़बड़ी प्रिंटिंग स्तर पर हुई है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की मानी जा रही है।
बोर्ड रिजल्ट के बाद प्राथमिक और मिडिल स्कूल के छात्र अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। लेकिन अब इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण उन्हें और इंतजार करना पड़ेगा। इससे छात्रों और अभिभावकों में असमंजस और चिंता की स्थिति बन गई है।
डोंगरगांव बीईओ जयंत साहू ने बताया कि अंकसूची में त्रुटियां पाए जाने के बाद उन्हें सुधार के लिए वापस भेज दिया गया है। सुधार प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही संशोधित परिणाम जारी किया जाएगा।
इस पूरे मामले ने शिक्षा व्यवस्था और प्रिंटिंग प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी संख्या में त्रुटियां सामने आने से जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
Updated on:
05 May 2026 11:46 am
Published on:
05 May 2026 11:32 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
