
राजगामी संपदा न्यास की राशि का दुरुपयोग, अध्यक्ष की पत्नी के आवेदन पर गैस, बर्तन, गद्दे-तकिए के लिए दिए 50 हजार
राजनांदगांव. राजगामी संपदा न्यास में भ्रष्टाचार और अनियमितता की एक और खबर सामने आई है। न्यास की अचल संपदा को किराए पर देने और उप किराएदारी की शिकायतों के बाद अब इसकी राशि का दुरुपयोग भी होने लगा है। जानकारी के अनुसार राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष की पत्नी के आवेदन पर 50 हजार रुपए की राशि निकाल ली गई है। आश्चर्य यह है कि यह राशि किसी और के आधिपत्य के भवन में खर्च के लिए मांगी गई और राजगामी के अफसरों ने इसे स्वीकृत भी कर लिया और राशि जारी कर दी। सूचना के अधिकार के तहत मिले दस्तावेजों से इस बात का खुलासा हुआ है। सूचना के अधिकार के तहत मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव की लोक गायिका कविता वासनिक ने राजगामी के अध्यक्ष विवेक वासनिक को पत्र लिखकर दिग्विजय कालेज परिसर में बने सृजन संवाद भवन के रखरखाव और कला प्रशिक्षण/रियाज प्रारंभ करने योगदान और सहयोग मांगा।
अफसरों को भी आवेदन
कविता वासनिक ने तहसीलदार और व्यवस्थापक राजगामी संपदा को भी एक प्रमाण पत्र देते हुए कहा कि सृजन संवाद भवन में छत्तीसगढी़ लोककला, लोकगीत, संगीत, लोकनृत्य के विकास, शोध व प्रचार, चर्चा, मंचन व प्रस्तुति व रियाज के उद्देश्य से आवश्यक सामग्री क्रय की गई है। प्रमाण पत्र में उन्होंने खरीदी गई सामग्री की सूची देते हुए कहा कि 63349 रुपए की सामग्री खरीदी गई है और राजगामी की ओर से 50000 रुपए की स्वीकृति मिली है। उनकी संस्था ने अंतर की राशि 13349 रुपए का भुगतान कर दिया है। ऐसे में 50 हजार रुपए की राशि का भुगतान हेमा टेंट एजेंसी इंदिरा नगर को किया जाए।
लोक गायिका कविता वासनिक ने राजगामी के अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा है कि सृजन संवाद भवन को उनके सुपुर्द किया गया है जबकि यह भवन दिग्विजय कालेज परिसर में है और उसी के आधिपत्य में है। इस भवन के रखरखाव के लिए जिला प्रशासन के माध्यम से संस्कृति विभाग से दो कर्मचारी तैनात किए गए हैं। उनका वेतन भी संस्कृति विभाग से ही आता है।
रिश्ते में पति-पत्नी हैं वासनिक
यहां गौरतलब बात यह है कि जिस सांस्कृतिक संस्था अनुराग धारा की संचालिका और लोकगायिका कविता वासनिक के आवेदन पर राजगामी से राशि निकाली है, उस संस्था से राजगामी के अध्यक्ष विवेक वासनिक खुद भी जुड़े हैं और कविता उनकी पत्नी हैं। ऐसे में यह पद में रहते हुए अपने परिवार को फायदा पहुंचाने जैसा काम भी है।
अफसरों ने भी की लापरवाही
राजगामी संपदा न्यास की राशि को खर्च करने के लिए बकायदा नियमावली (बायलाज) बना है लेकिन इसके बाद भी राजगामी का प्रभार संभालने वाले अफसर इसकी राशि को खर्च करने के प्रस्ताव में गड़बड़ी कर रहे हैं। किसी दूसरे के भवन के उपयोग में आने के लिए सामग्री खरीदी के लगे आवेदन पर राशि स्वीकृत कर जारी करना अफसरों की भी लापरवाही दर्शाता है। कलेक्टर राजनांदगांव तारन प्रकाश सिन्हा ने बताया कि सृजन संवाद भवन के लिए सामग्री खरीदी के लिए राजगामी संपदा से राशि नहीं निकाली जा सकती। यदि ऐसा हुआ है तो उसे चेक करवाता हूं। अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास विवेक वासनिक ने कहा कि कलाकारों की सुविधा के लिए यह राशि निकाली गई है। कविता वासनिक सिर्फ मेरी पत्नी नहीं है, वह छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोकगायिका भी हैं। वैसे भी क्रय की गई सामग्री अधिक मूल्य की है। राजगामी से सिर्फ 50 हजार रुपए लिए गए हैं। शेष राशि हमने वहन की है। सामग्री का उपयोग सभी कलाकार करेंगे।
Published on:
30 Aug 2021 11:58 am
बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
