31 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Weather Update: 5 जून तक येलो अलर्ट, राजनांदगांव में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान, देखें ताजा अपडेट

Rain Alert: मौसम विभाग ने 5 जून तक येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

2 min read
Google source verification
Weather Update

मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट किया जारी (Photo-IANS)

Weather Update: राजनांदगांव जिले में शनिवार को मौसम ने एक ही दिन में कई रंग दिखाए। सुबह से दोपहर तक तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया, वहीं दोपहर बाद अचानक हल्की बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। जिले के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी सूचना मिली। बारिश के बाद धूप निकलने से वातावरण में नमी बढ़ गई और उमस ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।

बिजली आपूर्ति दिनभर बाधित रही

शाम होते-होते तेज आंधी-तूफान ने शहर और आसपास के क्षेत्रों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच बिजली आपूर्ति भी दिनभर बाधित रही। मानसून पूर्व मेंटेनेंस कार्य के चलते पहले से ही बिजली कटौती का सामना कर रहे उपभोक्ताओं को बार-बार ट्रिपिंग और फाल्ट की समस्या से दोहरी परेशानी झेलनी पड़ी। कई क्षेत्रों में शाम तक बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे गर्मी और उमस के बीच लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

तापमान में गिरावट

मौसम विभाग ने जिले के लिए 5 जून तक येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे तथा गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में भी लोगों को गर्मी के साथ उमस और अचानक बदलते मौसम का सामना करना पड़ सकता है।

13 जून तक मानसून के जगदलपुर पहुंचने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंचने के बाद धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा और 13 जून के आसपास छत्तीसगढ़ में इसकी एंट्री होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार भी मानसून प्रदेश में जगदलपुर के रास्ते प्रवेश कर सकता है। इसके बाद दो से तीन दिनों के भीतर मानसून रायपुर पहुंच सकता है, जबकि 20 जून तक पूरे प्रदेश में इसके सक्रिय होने के आसार हैं।