
25 किशोरियों को बस में चढ़ाने के लिए पुलिस ने किशोरियों को खींचा, घसीटा, धकेला
राजसमंद. पन्नाधाय बालिका गृह राजसमंद में क्षमता से अधिक बालिकाएं होने पर बाल कल्याण समिति के आदेश पर 25 किशोरियों को उदयपुर बालिका गृह में स्थानान्तरित करने पर बवाल मच गया। काफी प्रयास के बाद भी किशोरियां कमरों से बाहर नहीं निकली और न ही उदयपुर जाने पर सहमति दी। महिला पुलिसकर्मियों ने खींच-घसीट कर व धक्का देकर जबरन किशोरियों को बस में चढ़ाया। इस दौरान परिजनों की पुलिस से झड़प भी हो गई। आखिर साढ़े सात बजे कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच बस को उदयपुर के लिए रवाना कर दिया गया। जानकारी के अनुसार होटल राजमहल के पीछे भवन से आसरा विकास संस्थान द्वारा संचालित पन्नाधाय बालिका गृह में 67 बालिकाओं को अस्थायी आवास दिया गया। यहां सात छात्राएं पहले से निवासरत थी। बालिका गृह में 50 बालिकाओं को रखने की ही क्षमता है। इस प किशोरियों के हित को ध्यान में रखते हुए 16 से 18 वर्ष से कम उम्र की 25 बालिकाओं को बाल कल्याण समिति उदयपुर को भिजवाते हुए वहां के बालिका गृह में अस्थायी रूप से रखने के 7 जुलाई को आदेश जारी दिए। उदयपुर बाल कल्याण समिति से सहमति मिलने के बाद पुलिस द्वारा 25 बालिकाओं को उदयपुर पहुंचाने के लिए शाम पांच बजे बस बुला ली। जैसे ही बस बालिका गृह पहुंची, तो बच्चियों के परिजन भी पहुंच गए और बच्चियों को उदयपुर शिफ्ट करने के आदेश का विरोध करने लगे। इस पर डीएसपी राजेंद्रसिंह राव के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया। महिलाओं की अधिकता को देखते हुए पुलिस लाइन से अतिरिक्त महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मी कमरों में बैठी किशोरियों के हाथ पकड़ खींचकर बाहर लाई और धक्का देकर बस में चढ़ाया। उदयपुर नहीं जाने की बात कहते हुए कई किशोरियां पुलिसकर्मियों से हाथ छुड़ा कर भागने भी लगी, जिससे खूब खींचतान और धक्कामुक्की हुई। आखिर एक एक बालिका को पकड़ पकड़ कर लाए और बस में चढ़ा दिया।
उधर, बिलखते रहे माता-पिता
25 बच्चियों को उदयपुर बालिका गृह भेजने के दौरान सैकड़ों परिजन पहुंच गए। बच्चियों को खींच खींच कर बस में धक्का देकर चढ़ाने की कार्रवाई से आहत होकर उनके माता-पिता भी रोते बिलखते रहे। महिलाएं तेज आवाज में पुलिस के प्रति चीखती-चिल्लाती रही। वहां खड़े कई पुरुषों की आंखें भी नम हो गई। महिलाएं रोती, बिलखती बच्चियों को यहीं रखने की गुहार लगाती रही और पुलिसकर्मी एक एक बच्ची को बस में बिठाते रहे।
सैकड़ों की भीड़, पुलिस ने खदेड़ा
बालिका गृह से किशोरियों को उदयपुर स्थानान्तरित करने की कार्रवाई के बाद सैकड़ों की तादाद में लोगों की भीड़ पहुंच गई। पुलिस कार्रवाई को देखने के लिए मजमा लगने पर पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को इधर उधर किया।
Published on:
10 Jul 2018 09:27 am
