
शीतलहर से छूटी धूजणी, धूप भी बेदम
देवगढ़. नगर व क्षेत्र में पिछले दो दिन से सर्दी का सितम काफी तेज हो गया है। शीतलहर चलने से लोगों की कंपकपी छूटने लगी है।
क्षेत्र में शुक्रवार को दिनभर ठंडी हवाएं चलती रही, लेकिन धूप के चलते इससे कुछ राहत भी रही। वहीं, शाम होने के बाद तो ये हवाएं शरीर को नस्तर सी चूभने लगी। ऐसे में लोगों ने न सिर्फ पूरे शरीर को गर्म लबादों में छिपाया, बल्कि अलाव जलाकर भी धूजणी वाली सर्दी से बचाव का जतन किया। पिछले दो दिन से शीतलहर के चलते शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र अब लोग दिन में भी गर्म कपड़ों में पूरी तरह से दुबके नजर आने लगे हैं। तीखी सर्दी का सर्वाधिक असर स्कूल जाने वाले बच्चों पर पड़ रहा है, जो सुबह ठिठुरते हुए स्कूल जाने को मजबूर हैं। सर्दी का असर लोगों के खान-पान में भी देखने में आने लगा है। अब रात को दूध के कड़ाव के आसपास भी लोग हाथ सेकते व गर्म दूध का सेवन करते देखे जाने लगे हैं। वहीं, चाय सहित अन्य गर्म पेय पदार्थों की मांग बढ़ी है, तो मक्की के व्यंजनों की भी महक घरों में बिखरने लगी है। बाजार में गजक, पिण्डखजूर आदि की डिमाण्ड भी खासी बढ़ गई है।
Published on:
15 Dec 2018 12:08 pm
