
शादी-व्याह के पटाखों ने राख कर दी दुकान
राजसमंद/देवगढ़. इन दिनों शादियों का सीजन है। हर जगह बैंडबाजों और आतिशबाजी की गूंज है। ऐसे में पटाखे छुड़ाते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। क्योंकि जरा सी चिंगारी किसी को काफी नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसा ही एक मामला देवगढ़ में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात्रि को सामने आया। यहां रोडवेज बस स्टैण्ड के पास स्थित भंगार के गोदाम में बीती रात पटाखे की चिंगारी से कबाड़ में अचानक आग लग गई, जो देखते ही देखते विकराल रूप ले बैठी। आग को बड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने बुझाया। भंगार के गोदाम में शुक्रवार रात्रि 10.30 बजे शादी-ब्याह के आयोजनों के दौरान छोड़े जा रहे पटाखे की चिंगारी से कबाड़ में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे कबाड़ में फैल गई। आसपास के सैकड़ों लोग और शादी में आए रिश्तेदार मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने दमकलकर्मियों एवं पुलिस को सूचना दी। कामलीघाट चौकी प्रभारी पुष्पेन्द्र सिंह मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे और नगरपालिका की दमकल मंगवाकर बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझाई गई, गोदाम में रखे कागज, अखबार की रद्दी, टायर, प्लास्टिक सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। चारों तरफ काला धुआं छा गया। धुएं से लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी।
मुख्य रास्ता अवरूद्ध करने का आरोप
रेलमगरा. हिन्दुस्तान जिंक के राजपुरा सीमा में बने टेलिंग डेम के गत दिनों किए विस्तार में राजपुरा खेड़ा से सुनारिया खेड़ा की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते को शामिल कर रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप लगा ग्रामीणों ने शनिवार को एसडीएम चंद्रशेखर भण्डारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि रास्ते को पहले ही जिंक द्वारा कब्जा कर टेलिंग डेम में शामिल कर दिया गया है, जिसकी सक्षम अधिकारियों को कईबार जानकारी दी गई। कार्रवाई के अभाव में विगत दिनों में जिंक द्वारा इस टेलिंग डेम का विस्तारीकरण करने के दौरान नवीन निर्माण कार्य करते हुए इस रास्ते को पूरी तरह से अवरूद्ध कर दिया गया, जिसके चलते यह आम रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। इस दौरान सरपंच अंबालाल सालवी, हेमराज गाडरी, मदनलाल गाडरी, प्रतापसिंह सिसोदिया, किसनलाल बराला, अंबालाल गाडरी, नारायणलाल गाडरी, राजकुमार शर्मा, बालुराम चमार, कैलाश गाडरी, सम्पतलाल जाट, रतनलाल भील, दिनेश जाट, कालुराम गाडरी, शंकरलाल गाडरी, सोहनलाल गाडरी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
Published on:
20 Jan 2019 01:57 pm
