
राजसमंद. नगर परिषद में सफाईकर्मी एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर विरोध पर उतर आए हैं। उन्होंने रात में शहर में मुख्य जगहों पर सड़कों पर कचरा बिखेर दिया और कचरा-पात्र पलट दिए। नगर परिषद कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच सफाईकर्मियों की मांगों पर वार्ता चली।
सुबह उस समय मामला गरमा गया, जब सुबह शहर की सड़कों पर कचरा बिखरा मिला। लोगों ने नगर परिषद में इसकी शिकायत की, तो आयुक्त बृजेश रॉय और परिषद के अन्य जिम्मेदार लोग मौके पर पहुंचे। कुछ जगहों पर सफाईकर्मी कचरा बिखेरते नजर आए। ऐसे में आयुक्त पुलिस थाने पहुंचे। शिकायत के बाद पुलिस की गाडिय़ां आती देख सफाईकर्मी भाग छूटे।
इसके बाद दोपहर में कामगारों की ओर से कुछ प्रतिनिधि नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। यहां सभापति सुरेश पालीवाल, उपसभापति अर्जुन मेवाड़ा, आयुक्त बृजेश रॉय, पुलिस उप अधीक्षक दुर्ग सिंह, कामगारों के प्रतिनिधि और कई पार्षद मौजूद थे। सफाईकर्मी परिषद में दूसरी जाति के सफाईकर्मियों को कम्प्यूटर और ऑफिस सम्बंधी कामकाज सौंपने को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। मांग-पत्र के हरेक बिन्दु पर चर्चा कर उन्हें संतुष्ट करने का प्रयास किया गया। लगभग दो घण्टे से बैठक चली।
गौरतलब है कि राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 4 अगस्त से राजसमंद जिले के चारभुजानाथ मंदिर में दर्शन कर राजस्थान गौरव यात्रा की शुरुआत करने वाली हैं। शहर में सभा भी होगी, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी जाएंगे। इससे ठीक पांच दिन पहले सफाईकर्मियों के विरोध और हड़ताल पर उतरने से परिषद चिंता में पड़ गई है।