
मुख्यमंत्री करेंगी जिस बस स्टैंड का लोकार्पण, उसी पर मचा बवाल, प्रशासन में हडक़ंप
राजसमंद. राजस्थान गौरव यात्रा के तहत मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे राजनगर में 4 अगस्त को जिस नवीनीकृत बस स्टैंड का लोकार्पण करेंगी, उसी की तैयारी में जरा की चूक ने बवाल खड़ा कर दिया। कांगे्रस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और शिला पट्टिका तोडऩे वाले कतिपय पार्षद पति के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। बाद में नगरपरिषद सभापति सुरेश पालीवाल और आयुक्त ब्रजेश राय मौके पर पहुंचे और शिला पट्टिका तोडऩे वाले के विरुद्ध थाने में एफआईआर दर्ज कराने का आश्वासन दिया, तब कांगे्रसी कार्यकर्ता शांत हुए।
राजनगर के अनुसार तत्कालीन नगरपालिका अध्यक्ष नारायणलाल सुथार, परमानंद पालीवाल द्वारा राजनगर में बजरंग चौराहे के पास बस स्टैंड का शिलान्यास किया। अब नगरपरिषद द्वारा उसी बस स्टैंड का नवीनीकरण किया गया, जिसका लोकार्पण अब मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से कराने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत बस स्टैंड पर लगी तत्कालीन शिलान्यास की पट्टिका तोडऩे पर नगरपषिद प्रतिपक्ष नेता अशोक टांक के साथ बडी तादाद में कांगे्रसी कार्यकर्ता पहुंच गए और नगरपरिषद आयुक्त व सभापति के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए आक्रोश जतया। सूचना पर राजनगर थाना प्रभारी दिनेश सुखवाल मय जाब्ते के घटना स्थल पर पहुंच गए और समझाइश के प्रयास किए, मगर लोग शांत नहीं हुए। साथ ही नगरपरिषद आयुक्त ब्रजेश राय को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान सुंदरलाल कुमावत, पार्षद ब्रजेश पालीवाल, नारायणलाल सुथार, पीरू खींची, चुन्नीलाल पंचोली, प्रकाश कुमावत, शंकरलाल खटीक, भूरालाल कुमावत, पीरू खींची, हरजेंद्रसिंह चौधरी, कुलदीप शर्मा, शंकर खटीक, दीप गायरी, गणेश गायरी, देवनारायण खींची, समीर सुराणा, गोपाल माली, भंवरलाल खत्री, रतन कुमावत, बंशीलाल कुमावत, रमेश जोशी, सम्पत खटीक, कमलेश कुमावत, हरीश कुमावत, हर्ष टांक, देवनारायण खींची, दिलीप जोशी आदि थे।
पार्षद पति पर तोडऩे का आरोप
नगरपषिद प्रतिपक्ष नेता अशोक टांक ने पार्षद देविका निष्कलंक के पति कैलाश निष्कलंक पर शिला पट्टिका व हनुमानजी मंदिर में तोडफ़ोड़ का आरोप लगाया। लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद नगरपरिषद के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब वे लोग शांत हुए।
Published on:
01 Aug 2018 01:10 pm
