
राजसमंद. केलवा में पैदल चलते राहगीर पर कार चढ़ाने और जानलेवा हमले की वारदात के फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपित जिला परिषद सदस्य श्यामलाल सांवरिया को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद आरोपित को राजसमंद तहसीलदार के समक्ष पेश किया, जहां पाबंद कर छोड़ा गया। पुलिस के अनुसार पुराना बस स्टैंड केलवा स्थित एक फोटो स्टूडियो पर जिला परिषद वार्ड 16 के सदस्य केलवा निवासी श्यामलाल सांवरिया ने एक युवक पर जानलेवा हमला किया। धक्का-मुक्की के साथ मारपीट भी की गई, मगर आस पास के दुकानदारों ने बीच बचाव किया। इसके बाद सांवरिया मौके से फरार हो गया। सूचना पर केलवा थाने से हैड कांस्टेबल लूम्ब सिंह मय जाब्ते के घटना स्थल पर पहुंच गए और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज लिए। इससे पूर्व आरोपित सांवरिया व उसके पुत्र देवकिशन सांवरिया ने उसी युवक के घर जाकर भी गाली गलौच करते हुए अभद्रता की। साथ ही युवक की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित जिला परिषद सदस्य सांवरिया को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे राजसमंद तहसीलदार गजानंद जांगीड़ के समक्ष पेश किया, जहां से भविष्य के लिए उसे पाबंद कर छोड़ दिया गया। इसके अलावा एक वृद्ध ने भी जिला परिषद सदस्य सांवरिया के खिलाफ दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 17 मार्च की शाम को केलवा में कार चढ़ा कर जान से मारने का प्रयास किया। पुलिस ने रिपोर्ट लेकर जांच के लिए एएसाआई श्यामलाल को जांच के निर्देश दिए।
फर्जी अंकतालिका का मामला विचाराधीन
जिला परिषद वार्ड 16 सदस्य सांवरिया के खिलाफ फर्जी अंकतालिका से चुनाव लडऩे का मामला भी जिला एवं सेशन न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस द्वारा एफआर लगाने के बाद जितेंद्र खटीक द्वारा निगरानी दायर की गई। इसके अलावा फर्जी अंकतालिका को लेकर चुनाव याचिका 8/15 के तहत जितेंद्र कुमार बनाम श्यामलाल सांवरिया व जिला निर्वाचन अधिकारी और 15/15 सुखलाल बनाम सांवरिया व राज्य सरकार प्रकरण वर्तमान में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजसमंद के समक्ष विचाराधीन है।
मारपीट पर किया पाबंद
जानलेवा हमले व मारपीट मामले में जिला परिषद सदस्य श्यामलाल को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। बाद में न्यायालय में पेश किया, जहां से भविष्य के लिए नेकचलनी के लिए पाबंद किया गया।
दीपक कुमार, थाना प्रभारी केलवा
Published on:
19 Mar 2018, 10:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.