
ईद मिलादुन्नबी : जश्न ए विलादत पर तकरीर आज, जुलूस कल
राजसमंद. इस्लाम के पैगम्बर हजरत मोहम्मद स्वलल्लाहो अलेही वसल्लम के जन्म दिवस पर मुस्लिम समुदाय की ओर से ईद मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा व पराम्परा से मनाया जाएगा। मंगलवार रात तकरीर होगी, जबकि बुधवार को जुलूस निकाला जाएगा। इसको लेकर मस्जिदों के साथ मुस्लिम मोहल्ले के बाजार भी आकर्षक लाइट डेकोरेशन से सजकर तैयार हो गए हैं।
मुस्लिम समाज द्वारा जश्न ए ईद मिलादुन्नबी पर मंगलवार रात हुसैनी चौक राजनगगर में जश्न ए विलादत का आयोजन होगा। इसमें हैदराबाद, आंध्रप्रदेश मुजीब अली रजवी के साथ हैदराबाद के औंवेस रजा कादरी, जोधपुर के मोइनुद्दीन, कलकत्ता के फैजान मुजाहिद, कलकत्ता के निसार अहमद, कुंडा (उत्तरप्रदेश) के आसिफ रजा सैफी तकरीर व कलाम पेश करेंगे। इसको लेकर हुसैनी चौक को आकर्षक लाइट डेकोरेशन से सजाया गया है। इसी तरह सिलावट वाड़ी, नायकवाड़ी, रजा कॉलोनी, पठानवाड़ी के गली मोहल्ले में भी आकर्षक फर्रियों से सजावट की गई है।
राजनगर में जुलूस कल
अंजुमन कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज खान ने बताया कि राजनगर के हुसैनी चौक में सुबह नौ बजे मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्रित होंगे। फिर जुलूस रवाना होगा, जो सिलावटवाड़ी, सदर बाजार, फव्वारा चौक, फोरलेन से मुडक़र दाणी चबुतरा, नायकवाड़ी, पठानवाड़ी होकर वापस हुसैनी चौक पहुंचेगा।
Published on:
20 Nov 2018 12:38 pm
