
नगरपरिषद की लापरवाही : उद्घाटन से पहले खुर्दबुर्द हो रहा सामुदायिक शौचालय
राजसमंद. शहर के धोइंदा में करीब बीस लाख की लागत से निर्मित राजकीय सामुदायिक शौचालय की शुरुआत होने से पहले ही खुर्दबुर्द होने लग गया है। निर्माण के बाद नगरपरिषद द्वारा निगरानी के कोई प्रबंध नहीं किए, जिससे दूसरी बार ताले तोडक़र अज्ञात बदमाश बोरवेल की केबल, नल सहित पचास हजार के उपकरण चुरा ले गए।
जानकारी के अनुसार नगरपरिषद की ओर से धोइंदा में एक वर्ष पहले ही सामुदायिक शौचालय का अत्याधुनिक तकनीक से निर्माण कर दिया। निर्माण पूर्ण होने के बाद न तो सामुदायिक शौचालय को आमजन के लिए खोला गया और न ही सुरक्षा प्रबंध के लिए चौकीदार तैनात किया। इसके चलते अज्ञात बदमाशों ने फाटक व चैनल गेट के ताले तोडक़र बोरवेल तक की केबल चुरा ले गए। चैनल गेट का ताला तोड़ा, फिर बोरवेल से भवन तक अंडरग्राउंड केबल भी निकाल दी। शौचालय व वॉशबेसन के 10 नल, पाइप चुरा लिए। इसी तरह होज पर लोहे का ढक्कन भी उखाड़ कर ले गए। सूचना पर नगरपरिषद के कनिष्ठ अभियंता नरेश सैनी के अलावा संवेदक प्रहलाद कुमार खटीक भी पहुंच गए। अभियंता सैनी द्वारा भवन से चोरी हुए माल को सूचीबद्ध किया गया। बताया गया कि करीब 40 से 45 हजार का नुकसान हुआ है। हालांकि इस संबंध में पुलिस थाने में कोई रिपोर्ट नहीं दी।
पहले भी टूट चुका है ताला
भवन निर्माण के दौरान भी अज्ञात लोगों ने सामुदायिक शौचालय के ताले तोडक़र निर्माण सामग्री व कई उपकरण चोरी हो गए थे। पहले चोरी होने की जानकारी होते हुए भी नगरपरिषद द्वारा चौकीदार नहीं लगाया।
हां हुई है चोरी
धोइंदा में सामुदायिक शौचालय के ताले तोड़ अज्ञात लोग नल, केबल व अन्य उपकरण चुरा ले गए। घटना स्थल देख लिया। अब उच्चाधिकारियों अवगत कराते हुए उनके निर्देशानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
नरेश सैनी, कनिष्ठ अभियंता नगरपरिषद राजसमंद
Updated on:
30 Oct 2018 11:03 am
Published on:
30 Oct 2018 11:03 am
