
कुंवारिया में आचार संहिता की आड़ में अवैध कब्जों की हुई भरमार
कुंवारिया. कुरज ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित बरसाती नाले, उसके समीप स्थित चरागाह तथा बिलानाम जमीन पर कतिपय लोगों ने चुनाव आचार संहिता के दौरान प्रशासन के व्यस्त रहने से अतिक्रमण कर लिए। ग्रामीणों ने इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
कुरज के रामलाल, रमेशचन्द्र, शंकरलाल, डालचन्द्र व ग्रामीणों ने कलक्टर को प्रेषित पत्र में बताया कि क्षेत्र में स्थित बरसाती नाले के बहाव तथा नाले के समीप चरागाह व बिलानाम जमीन पर करीब पन्द्रह-सोलह व्यक्तियों ने विधानसभा चुनावों की आचार संहिता में प्रशासन की व्यस्तता का लाभ उठाते हुए कब्जे कर लिए। इन्होंने मौके पर कांटो की बाड़, तारबंदी, पत्थरगढ़ी के माध्यम से इस तरह कब्जे किए हैं, जैसे किसी ने आवासीय प्लानिंग करके प्लॉट काटे हों। बताया कि इन कब्जों के कारण बरसाती नाले में वर्षा के पानी का बहाव प्रभावित होगा, जिसके बस्ती व खेेतों में घुसने का डर रहेगा। इसको लेकर उन्होंने अतिक्रमण को चिन्हित करवाकर हटवाने की मांग की है।
तिरपाल की आड़ से कब्जा
ग्रामीणों ने बताया कि यह अतिक्रमण की कार्रवाई अतिक्रमियों ने प्लास्टिक के तिरपाल आदि बांधकर की है ताकि एकाएक ग्रामीणों को पता नहीं लग पाए।
जल्द हटवाएंगे अतिक्रमण
ग्रामीणों से शिकायत मिली है। पुलिस व प्रशासन का सहयोग लेकर सभी अतिक्रमण जल्द हटवाए जाएंगे।
रमेशचन्द्र सुथार, ग्राम विकास अधिकारी कुरज
रिकॉर्ड देख करेंगे चिन्हित
राजस्व के रिकॉर्ड के अनुसार जांच की जा रही है। अतिक्रमण को चिन्हित करके हटाया जाएगा।
गोपाल पालीवाल, पटवारी कुरज
नहीं आई शिकायत
अतिक्रमण की शिकायत नहीं आई है। शिकायत या सूचना पर जांच करवाते हुए नियमानुसार अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
सुन्दरलाल बागोरा, तहसीलदार रेलमगरा
Published on:
20 Dec 2018 12:04 pm
